टिहरी झील में 20 राज्यों के 500 पुलिस खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

Spread the love

नई टिहरी। टिहरी बांध की झील एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के बड़े खेल आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर प्रतियोगिता के आयोजन के लिए झील को पूरी तरह तैयार किया जा रहा है। आठ अप्रैल से शुरू होकर पांच दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में देश के करीब 20 राज्यों से 500 से अधिक पुलिस खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ आठ अप्रैल को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की पहल पर कोटीकाॅलोनी में 25वीं ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर का आयोजन किया जा रहा है। आईटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट बलविंदर सिंह के अनुसार आठ से 12 अप्रैल तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में रोईंग, कयाकिंग और कैनोइंग की रोमांचक जल क्रीड़ा मुकाबले आयोजित होंगे। प्रतियोगिताओं में विभिन्न राज्यों की पुलिस टीमों के साथ-साथ सीआरपीएफ, एसएसबी और आईटीबीपी की टीमें भी भाग लेंगी। प्रतियोगिता के लिए देशभर के खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। खिलाड़ियों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था टिहरी झील क्षेत्र में कराई जा रही है। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने भी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सुरक्षा, यातायात, आवास, चिकित्सा और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर योजना बनाई गई है। ऑल इंडिया पुलिस वाटर स्पोर्ट्स क्लस्टर का शुभंकर भी जारी कर दिया गया है। टिहरी झील पहले भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जलक्रीड़ा आयोजनों की मेजबानी कर चुका है लेकिन इस बार बड़े स्तर पर पुलिस बलों के खिलाड़ियों की भागीदारी इसे और खास बनाने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *