हेलीकॉप्टर क्रैश : वायुसेना की अपील, जांच पूरी होने तक अफवाहों से बचें

Spread the love

नई दिल्ली, एजेंसी : तमिलनाडु में सीडीएस जनरल बिपिन रावत के हेलीकॉप्टर क्रैश के मामले में वायुसेना ने ट्राई सर्विस कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी का गठन कर दिया है। यह जांच समिति हेलीकॉप्टर क्रैश के कारणों का पता लगाएगी। एयरफोर्स ने अपने ट्वीट में कहा कि यह जांच तेजी से पूरी होगी और तथ्यों का पता लगाया जाएगा। वायुसेना ने अपील की है कि जांच पूरी होने तक मृतकों की पूरी गरिमा रखी जाए और किसी भी तरह की गलत जानकारी या फिर कयासबाजी से बचा जाए।
इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को संसद में बयान देते हुए हादसे की वजह पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के गठन का ऐलान किया था। इस जांच का नेतृत्व एयर मार्शल मानवेंद्र सिंह करेंगे। बुधवार को इस हादसे के तुरंत बाद ही एयरफोर्स ने जांच कमेटी गठित करने का ऐलान कर दिया था। इस अप्रत्याशित हादसे को लेकर हैरानी भी जताई जा रही है क्योंकि जनरल बिपिन रावत जिस हेलीकॉप्टर में सवार थे, वह काफी आधुनिक और सुरक्षित माना जाता है। ऐसे में इसकी जांच होना अहम है।
गुरुवार को घटनास्थल से हेलीकॉप्टर का ब्लैक बॉक्स बरामद किया गया था। इसकी जांच से यह पता चल सकेगा कि आखिर अंतिम क्षणों में हेलीकॉप्टर के पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को क्या जानकारी दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *