हर्षोल्लास के साथ मनाई गई होली, खूब उड़े गुलाब-अबीर

Spread the love

शहर से लेकर गांव तक धूमधाम के साथ मनाया गया होली का त्योहार
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार व आसपास के क्षेत्र में होली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर गांव तक खूब अबीर गुलाल उड़े। युवाओं की टोली ने अपने अंदाज में डीजे की धुन पर थिरक कर होली के पर्व को उत्साह के साथ मनाया गया। शांति व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा।
बुधवार को होली के दिन गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में होली का जबरदस्त रंग चढ़ा रहा। नगर निगम क्षेत्र के पदमपुर, सिताबपुर, बीईएल कालोनी, निंबूचौड़, दुर्गापुरी, मोटाढांक, हल्दूखाता, कलालघाटी, कण्वाश्रम, किशनपुर, झंडीचौड़, सिगड्डी क्षेत्र में भी होली की धूम रही। होल्यारों ने घर-घर जाकर हारमोनियम और ढोलक की थाप पर नृत्य करते हुए होली के लोकगीत गाए। मोहल्लों में युवाओं की ओर से डीजे का प्रबंध किया गया था। लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाते हुए होली की बधाईयां दी।

मुस्तैद रही पुलिस
होली में शांति व्यवस्था बनी रहे इसके लिए पुलिस पूरे दिन मुस्तैद रही। चीता पुलिस लगातार गश्त पर डटी हुई थी। शहर के संदिग्ध स्थानों में विशेष पुलिस टीमें तैनात की दी गई थी। यही कारण था कि शहर में कहीं भी किसी तरह की आपराधिक घटनाएं सामने नहीं आई।

चोटिल होते रहे लोग
होली के दिन राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में दुर्घटना के दौरान घायल होने वाले लोगों का आना-जाना बना रहा। होली पर अलग-अलग स्थानों में दो पहिया वाहन अनियंत्रित होने से 18 से अधिक लोग चोटिल हो गए थे। हालांकि किसी भी व्यक्ति को गंभीर चोट नहीं आई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *