जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी : जीबी पंत अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी में डा. विजय कुमार बंगा की संस्थान में नए निदेशक के रूप में तैनाती हुई है। वर्तमान में वह रयात बाहरा विवि मोहाली पंजाब में शैक्षणिक गुणवत्ता अनुभाग में निदेशक पद पर सेवारत हैं। तकनीकी शिक्षा सचिव रंजीत कुमार सिन्हा ने डा. बंगा की नियुक्ति का आदेश जारी किया है।
संस्थान के निदेशक डा. धनंजय सिंह ने बीते दिनों अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था। शासन ने डा. धनंजय सिंह के त्यागपत्र को मंजूर करते हुए नए निदेशक की नियुक्ति की है। बता दें कि जीबी पंत अभियांत्रकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान घुड़दौड़ी को बीते 4 अक्तूबर 2024 को छह साल बाद प्रो. आकाश सक्सेना के रूप में नियमित निदेशक मिला था। उन्होंने बीते 9 अक्तूबर को संस्थान परिसर घुड़दौड़ी पहुंच पदभार संभाला। लेकिन उसके कुछ दिन बाद ही उन्होंने बिना कारण बताए ही अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड तकनीकी विवि देहरादून द्वारा संस्थान में निदेशक के पद पर नियुक्ति प्रक्रिया संपन्न करवाई। जिसके बाद 4 मार्च 2025 को संस्थान में निदेशक के पद पर इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी लखनऊ में सेवारत डा. धनंजय सिंह की नियुक्ति हुई थी। उन्होंने बीते 1 अप्रैल 2025 को पदभार संभाला था। लेकिन बीते कुछ दिनों पहले उन्होंने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया था।