जल्दी करें बिजली बिल का भुगतान, वरना कट जाएगा कनेक्शन

Spread the love

-ऊर्जा निगम ने बकायदारों से वसूली को अभियान किया तेज
-निर्धारित तिथि में भुगतान न करने वालों का काटा जा रहा कनेक्शन
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : लंबे समय से बिजली बिलों का भुगतान न करने वालों पर ऊर्जा निगम की कार्रवाई तेज हो गई है। ऊर्जा निगम के कर्मचारी बकायदारों से वसूली तो कर ही रहे हैं, साथ ही जो निर्धारित तिथि तक बिल जमा नहीं कर रहे हैं। उनका कनेक्शन भी काटा जा रहा है। गत बुधवार को भी ऊर्जा निगम ने कोटद्वार क्षेत्र में करीब डेढ़ सौ बिजली के कनेक्शन काटे। हालांकि शाम होते-होते करीब 70 लोगों ने बिजली कटने के बाद बिल जमा कर दिए तो निगम ने उनके कनेक्शन फिर से जोड़ दिए।
वित्तीय वर्ष 2021-22 समाप्ति की ओर है। ऐसे में ऊर्जा निगम ने अपने सभी बकायदारों से वसूली की कार्रवाई तेज कर दी है। जिसके तहत ऊर्जा निगम के कर्मचारी सुबह से ही क्षेत्र में निकल जाते हैं और लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान न करने वालों के कनेक्शन काट देते हैं। ऊर्जा निगम की इस कार्रवाई से कई बकायदारों में हड़कंप की स्थिति भी बनी हुई है। कुछ लोग कनेक्शन कटने की कार्रवाई से पहले तो कुछ कनेक्शन कटने के बाद तुरंत बिजली बिलों का भुगतान कर रहे हैं। हालांकि, अभी कई लोग ऐसे भी हैं जिन्होंने अभी तक बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया है। ऐसे लोगों से ऊर्जा निगम ने अपील की है कि जल्द से जल्द बिजली बिलों का भुगतान करें, अन्यथा बिजली के कनेक्शन काट दिए जाएंगे।

गुरुवार को कटे 180 कनेक्शन
विद्युत वितरण उपखंड कोटद्वार के जेई कमल सिंह का कहना है कि गुरुवार को कोटद्वार क्षेत्र में बिजली का बिल जमा न करने पर 180 कनेक्शन काटे गए। हालांकि, शाम होते-होते कुछ लोगों ने बिल जमा कर दिए थे। जिस पर करीब 109 कनेक्शन वापस जोड़ भी दिए। उन्होंने कहा कि इससे पहले बुधवार को भी करीब डेढ़ सौ कनेक्शन काटे गए थे।

बड़े बकायदारों पर नहीं चल रहा ऊर्जा निगम का बस
कोटद्वार क्षेत्र में कई सरकारी विभाग ऐसे हैं, जिन पर करोड़ों रुपयों का बिजली बिलों का बकाया है, लेकिन ऊर्जा निगम का इन विभागों पर कोई बस नहीं चल रहा है। सालों से इन विभागों ने बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया है, लेकिन इनके खिलाफ ऊर्जा निगम की कार्रवाई सिर्फ नोटिस तक ही सीमित रहती है। इसके उलट यदि आम जनता कुछ हजार का बिल जमा नहीं करती है तो ऊर्जा निगम उनके कनेक्शन काट देता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *