विद्युत कटौती रोके सरकार, नहीं तो होगा आंदोलन

Spread the love

शहर में हो रही विद्युत कटौती के खिलाफ कांग्रेस ने सीएम को भेजा पत्र
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: शहर में लगातार हो रही विद्युत कटौती पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रोष व्यक्त किया है। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजते हुए जल्द विद्यतु कटौती पर विराम रोक लगाने की मांग की है। कहा कि यदि जल्द इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो कांग्रेस आमजन के साथ मिलकर आंदोलन करेगी।
गुरुवार को कार्यकर्ताओं ने तहसील में पहुंचकर तहसीलदार विकास अवस्थी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा। कार्यकर्ताओं ने कहा कि गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर में विद्युत कटौती होने लगी है। हर रोज दो से तीन घंटे तक हो रही विद्युत कटौती ने शहरवासियों को परेशान कर दिया है। गर्मी के दौरान रात के समय जा रही लाइट से लोगों का घरों के अंदर रहना भी मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशान व्यापारियों को उठानी पड़ रही है। घंटों विद्युत कटौती से व्यापार प्रभावित हो रहा है। कहा कि वर्तमान में दसवीं व इंटर के छात्रों की बोर्ड परीक्षाएं भी चल रही है। ऐसे में सरकार को विद्युत कटौती को रोकना चाहिए। कहा कि यदि जल्द इस ओर ध्यान नहीं दिया गया तो कार्यकर्ता आमजन के साथ मिलकर आंदोलन करेंगे। इस मौके पर पूर्व राज्य मंत्री जसवीर राणा, देवेंद्र भट्ट, शुभलोक रावत, राकेश शर्मा, उमेश बिष्ट, अतुल नेगी, भारत रावत, महेश नेगी, दिनेश शर्मा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *