बिग ब्रेकिंग

पूर्णमासी के चंद्रमा की पूजा करते हैं, तो अमावस्या भी याद रखनी पड़ती है: नड्डा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

बड़वाह, एजेंसी। भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राज्य के पूर्ववर्ती कांग्रेस शासन को अमावस्या के दिनों की उपमा देते हुए आज कहा कि अगर पूर्णमासी की पूजा करते हैं तो अमावस्या को भी याद रखना पड़ता है। मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के बड़वाह में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि नौजवानों को कांग्रेस शासन के बारे में जानना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर हम पूर्णमासी के चांद की पूजा करते हैं, तो अमावस्या को भी याद रखना पड़ता है।
उन्होंने कहा कि उजाले की पूजा करने के साथ-साथ अंधकार की त्रासदी को भी याद रखना पड़ता है। उन्होंने कहा कि 20 वर्ष पहले मध्य प्रदेश बीमारु राज्य था। इसके समेत उत्तर प्रदेश, राजस्थान और बिहार के सूचकांक भी ठीक नहीं थे, लेकिन बीते दो दशक में भारतीय जनता पार्टी ने इसे अग्रणी राज्यों में शुमार कर दिया है। उन्होंने कहा कि जहां-जहां कांग्रेस रहेगी, वहां भ्रष्टाचार, लूट, वंशवाद, परिवारवाद, अत्याचार, व्याभिचार व अनाचार रहेगा, वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी के शासन में चहुमुखी विकास के अलावा युवाओं किसानों और महिलाओं को ताकत मिलती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने 2013 के पहले पानी, हवा, पाताल, जमीन सभी लोकों में घोटाला किया। उन्होंने कहा कि कोयला, अगस्ता वेस्टलैंड हेलिकाप्टर, पनडुब्बी, कॉमनवेल्थ, मनरेगा घोटाला लोग भूले नहीं हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि वह छोटा-मोटा घोटाला नहीं करती। मध्य प्रदेश में कर्ज माफी के नाम पर 11 लाख 97 हजार किसानों को डिफाल्टर करना, 4100 करोड़ रुपए का इरिगेशन काम्प्लेक्स घोटाला, 877 करोड़ का सिंचाई घोटाला, 281 करोड़ का वेयरहाउस खरीदी घोटाला, रेत व छात्रवृत्ति घोटाला सभी के सामने है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके परिवार को भी आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि कमलनाथ के पूर्व ओएसडी के घर से सैकड़ो करोड़ रु जब्त हुए। कमलनाथ के भतीजे ने 2019 में एक हजार 350 करोड रुपए की टैक्स चोरी की। इसके अलावा कमलनाथ के भांजे रतुल पुरी ने अगस्ता वेस्टलैंड के 7600 करोड़ रुपए के घोटाले में 780 करोड़ का घोटाला किया। उन्होंने कहा कि बीते 9 साल में भारत पांचवें नंबर की अर्थव्यवस्था बन चुका है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अगले कार्यकाल में 2027 में तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा।
उन्होंने कहा भारत दुनिया को बेहद अच्छी क्वालिटी की 90 हजार करोड रुपए की दवाई बेच रहा है। इसी तरह पेट्रोकेमिकल, इस्पात व ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी हम विश्व की ताकत हैं। उन्होंने कहा कि 80 करोड़ जनता को अनाज दिया जा रहा है। इसके अलावा मध्यप्रदेश में 47 लाख प्रधानमंत्री आवास योजना के घर निर्मित हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रति व्यक्ति आय 10 गुना बढ़ी है, और लाड़ली लक्ष्मी व लाड़ली बहना जैसी योजना से नारी सम्मान में वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि विद्युत अधोसंरचना में वृद्धि से सिंचाई का रकबा बढ़ा है जिससे किसानों की आय में भी वृद्धि हुई है। उन्होंने विभिन्न नौकरियों व चुनाव में महिलाओं के आरक्षण बढ़ाए जाने का भी उल्लेख किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!