ग्रेटर नोएडा वेस्ट में धूमधाम से मनाया इगास पर्व
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड का लोकपर्व इगास ग्रेटर नोएडा वेस्ट में वैदिक परंपरा और पहाड़ों में प्रचलित रस्मों-रिवाज के साथ मनाया गया। नोएडा एक्सटेंशन की रक्षा अडेला सोसाइटी में लक्ष्मी नारायण मंदिर में ठेड पहाड़ी अंदाज में पहाड़ी पकवान और पूजा-पाठ के विधान के साथ प्रवासी उत्तराखंडी परिवारों के साथ अन्य समाज के लोगों ने इगास का त्योहार मनाया।
बुरांस साहित्य एवं कला केंद्र और भारतीय धरोहर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में कार्यक्रम के संयोजक अनु पंत ने बताया कि उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में दीपावली के ग्यारह दिन बाद इगास के पर्व को दीपक जलाकर ज्योतिपर्व मनाया जाता है। पहाड़ की परंपरा को प्रवास में मनाने की मुहिम के तहत ही यह आयोजन किया गया। कार्यक्रम के सह संयोजक जगदीश नेगी ने बताया कि गढ़वाल में इगास और कुमाऊं में देव दीवाली के दिन गोवंश की पूजा का भी प्रावधान है। वरिष्ठ पत्रकार, साहित्यकार और उत्तराखंड के इतिहास के जानकर प्रदीप कुमार वेदवाल ने इगास पर्व मनाने की परंपरा की जानकारी देते हुए कहा कि लंका विजय के बाद भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने का समाचार उत्तराखंड के गिरी प्रदेश में ग्यारह दिन बाद पहुंचा था इसलिए हरिबोधनी एकादशी के दिन उत्तराखंड के गिरीजन दीपक और भैले जलाकर इगास मनाते हैं। वेदवाल ने बताया कि गढ़वाल के वीर भड़ माधो सिंह भंडारी जब तिब्बत में युद्ध जीतकर आए तो फिर गढ़वाल में इगास मनाई गई। एक जनश्रुति के अनुसार कुंतीपुत्री भीम जब राक्षसवध के बाद दीपावली के बाद वापस आए तो फिर पांडवों ने दीपावली के ग्यारह दिन बाद दीपावली मनाई थी। इस अवसर पर भारती धरोहर के संपादक प्रवीण शर्मा, डॉक्टर अनामिका शर्मा, कोपल पंत, रोहित नेगी, संजय शर्मा, ओम उज्जवल सिंह, सुधांशु शर्मा, वेद प्रकाश सेनी, मनोज शर्मा आदि मौजूद थे।