देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ठाकुरपुर में पूर्ति विभाग और पुलिस की टीम ने मिलकर अवैध गैस रिफिलिंग का खुलासा किया है। अवैध रिफिलिंग कर रही महिला के खिलाफ सोमवार रात प्रेमनगर थाने में केस दर्ज किया गया है। एसओ प्रेमनगर कुंदन राम ने बताया कि सोमवार को एक सूचना पर पूर्ति निरीक्षक नवीन कुमार, लोकेश पंत, होशियार सिंह और पुलिस संजय कुमार ने ठाकुरपुर में एक दुकान पर छापा मारा। इस दौरान आरोपी महिला रीमा निवासी बल्लीवाला चौक को 14.2 किलो के घरेलू सिलेंडर से पांच किलो के छोटे सिलेंडरों में गैस रिफिल करते हुए पकड़ा। पकड़े जाने पर महिला ने तर्क दिया कि वह गरीब लोगों के छोटे सिलेंडरों में गैस भरने का काम करती है। मौके से एक घरेलू गैस सिलेंडर, दो छोटे सिलेंडर और रिफिलिंग किट बरामद की गई। इसके बाद आरोपी महिला के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।