देहरादून। दून के चर्चित अर्जुन शर्मा हत्याकांड में शामिल होने की आरोपी संगीता उनियाल की अग्रिम जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी। प्रभारी सत्र न्यायाधीन महेश चंद्र कौशिवा ने यह आदेश दिया। संगीता हत्याकांड के मास्टरमाइंड माने जा रहे विनोद उनियाल की पत्नी है। अदालत में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने कई साक्ष्य पेश किए। पुलिस की विवेचना और अभियोजन की आख्या के अनुसार हत्या की वारदात को अंजाम दिए जाने के बाद संगीता उनियाल ने शूटर पंकज राणा को पैसे ट्रांसफर किए थे। इसके अलावा करोड़ों की जिस संपत्ति को लेकर यह खूनी खेल खेला गया उसमें संगीता को जोड़ा। जांच में सामने आया है कि विवादित भूमि का एक रजिस्टर्ड एग्रीमेंट आयुष जैन के साथ तीन करोड़ रुपये में किया गया था। यह रकम अर्जुन की मां बीना शर्मा को मिली। जिन्होंने उसी दिन यह पैसा विनोद उनियाल को भेजा और फिर विनोद ने इसमें से एक करोड़ रुपये अपनी पत्नी संगीता उनियाल को ट्रांसफर कर दिए थे। संगीता उनियाल के अधिवक्ता ने अदालत में दलील दी कि वह निर्दोष हैं और उन्हें इस मामले में झूठा फंसाया जा रहा है। अभियोजन पक्ष ने अदालत को बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों शूटरों पंकज राणा और राजीव उर्फ राजू ने अपने बयान में कहा है कि उन्होंने डॉ. अजय खन्ना, बीना शर्मा, विनोद उनियाल और संगीता उनियाल के कहने पर ही अर्जुन शर्मा की परेड ग्राउंड के पास गोली मारकर हत्या की थी। अदालत ने माना कि संगीता उनियाल के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र रचकर हत्या करवाने के पर्याप्त साक्ष्य हैं। इस पर अदालत ने संगीता उनियाल की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।