सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के समाधान में तेजी लाएं : डीएम

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
चमोली : जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज लंबित शिकायतों की समीक्षा बैठक लेते हुए अधिकारियों को शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक एवं संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न हो और संबंधित अधिकारी व्यक्तिगत स्तर पर प्रकरणों की निगरानी करें।


जिलाधिकारी ने 36 दिन से अधिक समय से लंबित 16 प्रकरणों की विभागवार समीक्षा की और प्रत्येक प्रकरण में अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली व सभी शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन आमजन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए हेल्पलाइन पर प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर उसका गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने तथा कार्रवाई की स्थिति को पोर्टल पर समयबद्ध तरीके से अपडेट करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि जिन प्रकरणों में विभिन्न विभागों के स्तर से समन्वय की आवश्यकता है, उनमें आपसी समन्वय स्थापित करते हुए शिकायत का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस मौके पर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव पाल, मुख्य कृषि अधिकारी जय प्रकाश तिवारी, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *