जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : नगर की शीर्ष 24 विद्यालयी टीमों की भागीदारी से आयोजित यूनिकस कप-2026 फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हो गया है। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं व विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक करना है।

प्रतियोगिता का उद्घाटन सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल चंद्रपाल पटवाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर एवं उनका उत्साहवर्धन करते हुए किया। उद्घाटन मुकाबले में मेजबान यूनिकस अकादमी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैप्पी चिल्ड्रन अकादमी को 2-0 से हराकर प्रतियोगिता में विजयी शुरुआत की। इस जीत के बाद विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। प्रतियोगिता के प्रथम चरण के अन्य आठ मुकाबलों में डीएवी, क्रेडल प्ले, नवयुग पब्लिक स्कूल, आरपी स्कूल, एवीएन, हेरिटेज एकेडमी, बाल भारती और कॉन्वेंट स्कूल ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक अभय सिंह रावत एवं प्रधानाचार्य दीपक गुप्ता ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिणाम की चिंता से अधिक प्रयास, अनुशासन, समर्पण और खेल भावना को महत्व देने का आह्वान किया। यूनिकस कप युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ नेतृत्व, अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना का अनुभव प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण मंच बनकर सामने आया है। मैदान पर खिलाड़ियों का जोश और संघर्ष दर्शकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र रहा। अब प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ने वाला है। क्वार्टर फाइनल मुकाबले मंगलवार को खेले जाएंगे, जहां विजेता टीमें सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए मैदान में उतरेंगी। यूनिकस कप-2026 प्रतिभा को मंच, जुनून को दिशा और खेल भावना को सम्मान देने वाला आयोजन।