जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : रेलवे स्टेशन के बाहर दशकों से संचालित दुकानों को हटाए जाने के विरोध में व्यापार मंडल ने मंगलवार को बाजार बंद रखने का निर्णय लिया है। प्रशासन की ओर से दुकानदारों को नोटिस जारी किए जाने के बाद शुरू हुआ विरोध-प्रदर्शन सोमवार को भी जारी रहा। प्रभावित व्यापारियों ने दुकानें हटाने से पहले उन्हें वैकल्पिक स्थान उपलब्ध कराने की मांग की है।

नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष प्रवीण भाटिया ने बताया कि प्रभावित दुकानदारों के समर्थन में मंगलवार को नगर का बाजार बंद रखा जाएगा। बंद के दौरान व्यापारी पूर्वाह्न 11 बजे जुलूस निकालेंगे और नगर निगम व तहसील प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराएंगे। इससे पहले सोमवार को भी व्यापारियों ने धरना देकर प्रशासन के निर्णय का विरोध किया। व्यापारियों का कहना है कि रेलवे स्टेशन के सामने स्थित दुकानें लंबे समय से उनके रोजगार का आधार हैं। ऐसे में उन्हें हटाने से पहले पुनर्वास या वैकल्पिक व्यवस्था की जानी चाहिए।