तेज रफ्तार स्कूटी की टक्कर से बुजुर्ग की मौत, आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र के झंडीचौड़ में तेज रफ्तार स्कूटी की टक्कर से घायल बुजुर्ग की उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे के मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कूटी चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।


झंडीचौड़ निवासी इंद्र सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 16 अगस्त को उनके पिता बलवंत सिंह सड़क पर टहल रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार स्कूटी ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान 23 अगस्त को उनकी मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज के आधार पर स्कूटी चालक की पहचान झंडीचौड़ निवासी अंकित उर्फ अभिषेक के रूप में हुई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *