जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : तड़ियाल चौक के समीप सार्वजनिक स्थान पर मारपीट और हंगामा करने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। मामले में पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को हिरासत में लिया।

पुलिस के अनुसार, दीक्षांत और सुयश ने तहरीर देकर बताया कि वे तड़ियाल चौक के समीप घूम रहे थे। इसी दौरान पदमपुर निवासी विवेक और रचित तथा निंबूचौड़ निवासी आदित्य वहां पहुंचे और उनके साथ गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर तीनों ने उनके साथ मारपीट कर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप नेगी ने बताया कि तहरीर के आधार पर विवेक, आदित्य और रचित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।