जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भाबर क्षेत्र में शनिवार से भरत महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। प्रथम दिन बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साथ ही बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
डू समथिंग सोसाइटी की ओर से महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव का शुभारंभ संस्था के संरक्षक प्रकाश चंद्र कोठारी, राजेंद्र प्रसाद पंत, शंकर दत्त, रिपु दमन बिष्ट, आचार्य राकेश चंद्र लखेड़ा ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्जवलित कर किया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही बच्चों को कण्वाश्रम के इतिहास से भी परिचित करवाया गया। इस दौरान योग प्रतियोगिता जूनियर व ओपन वर्ग में कुल 34 टीमों ने प्रतिभाग किया। जिसमें जूनियर वर्ग में फैमिली योगी ग्रुप, पतंजलि ग्रुप व झडीचौड़ ग्रुप प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय रहा। ओपन वर्ग में ओमजी अग्रवाल ग्रुप, परमार्थ निकेतन गुरुकुल कण्वाश्रम, वारदान योगशाल प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय रहा। बेस्ट योगी का पुरस्कार सार्थक कंडवाल व बेस्ट योगिनी का खिताब शुखी को दिया गया। बच्चों के लिए बालीवॉल सहित अन्य प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के दौरान विभिन्न कीर्तन मंडलियों ने भी अपने भजनों की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। महोत्सव में हंस फाउंडेशन की ओर से नि:शुल्क स्वास्थ्य केंप भी लगाया गया था। जिसमें लोगों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। इस मौके पर विपिन जदली, रेखा नेगी, डीपी बलूनी, रंजना रावत, सिंधु कोठारी, शीला देवी, सोनम पंत कोठारी, सुनीता नैथानी, कविता रावत आदि मौजूद रहे।