कोठगी गांव में तीन दिवसीय रामलीला का शुभारंभ
रुद्रप्रयाग। अयोध्या में 22 जनवरी को प्रभु राम की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा उत्सव को लेकर पूरे देश में उत्साह मनाया जा रहा है। रुद्रप्रयाग के कोठगी गांव में गांव की महिलाएं इस पवित्र क्षण को और भी याद्गार बना रही है। उन्होंने प्रभु राम के उत्सव में गांव में तीन दिवसीय रामलीला का शुभारंभ किया जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण दर्शक मौजूद हैं। शनिवार को मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य एवं भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष सविता भंडारी ने रिबन कोटकर रामलीला का शुभारंभ किया। उन्होंने महिलाओं को बधाई दी और उनके इस अभिनय कार्य की सराहना की। गांव की बेटियों द्वारा भगवान श्रीष्ण की रासलीला की गई जबकि महिलाओं द्वारा रामलीला का भव्य मंचन किया गया। इस दौरान रावण, कुंभकरण और विभिषण की तपस्या से भगवान ब्रह्मा ने उन्हें मनवांछित वर दिया। कोठगी में पहली बार महिलाओं द्वारा रामलीला का मंचन किया गया। जिसके कोठगी, मदोला, घोलतीर सहित अनेक गांवों के लोगों ने प्रशंसा की। शनिवार से शुरू होने वाली रामलीला का समापन 22 को होगा। इसके साथ ही 22 को महिला मंगल दलों द्वारा भजन कीर्तन भी किए जाएंगे। गांव में विशाल भंडारा आयोजित होगा। पूर्व महिला मंगल दल अध्यक्ष प्रभा भंडारी, वर्तमान अध्यक्ष सोनाली देवी और सूबेदार विक्रम सिंह नेगी ने आयोजन में विशेष सहयोग दिया। इस मौके पर नीमा देवी ने रावण, हेमा देवी ने कुंभकरण, सत्यभागा ने ब्रह्मा, राम सत्यभागा, सोनाली ने लक्ष्मण, कुसुम मिंगवाल ने सीता, बीना बिष्ट ने दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं। रामलीला को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच रहे हैं।