भारतीय रेलवे ने धूमधाम से मनाया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

Spread the love

-नई दिल्ली के करनैल सिंह स्टेडियम में आयोजित किया गया कार्यक्रम
जयन्त प्रतिनिधि।
देहरादून/नई दिल्ली : भारतीय रेलवे ने आठवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया। नई दिल्ली के करनैल सिंह स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानमंत्री की मौजूदगी में कर्नाटक के मैसूर से प्रसारित हुए समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ओडीशा के कोणार्क से ऑनलाइन माध्यम से शामिल हुए। योग दिवस का इस वर्ष का थीम ‘मानवता के लिए योग’ रहा।
विश्व को योग की ओर ले जाने और पूरी दुनिया को भारत की इस प्राचीन पद्धति से लाभान्वित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने संयुक्त राष्ट्र आम सभा में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने का प्रस्ताव रखा था। जिसके बाद पहला अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 21 जून, 2015 को पूरे विश्व में मनाया गया। यह योग का ही चमत्कार था कि कोरोना काल में कई लोग योगासनों से जल्दी स्वस्थ हुए और कई लोगों को कोरोना छू भी नहीं सका। योग ने जहां लोगों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाई, वहीं मानसिक व भावनात्मक रूप से भी मजबूत किया।
नई दिल्ली में आयोजित योग सत्र में रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं सीईओ वीके त्रिपाठी, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक आशुतोष गंगल, मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी दीपक कुमार, रेलवे बोर्ड एवं उत्तर रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। वहीं, खिलाड़ियों और रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवार के सदस्योें ने भी पूरे उत्साह के साथ योग सत्र का लाभ उठाया। उत्तर रेलवे के सभी पांचों मंडल वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *