जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विश्व दिव्यांग दिवस पर सतपुली में कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से दिव्यांगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
बुधवार को माडर्न पब्लिक स्कूल सतपुली में कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसमें सिविल जज नेहा ने दिव्यांगों को उनके अधिकारों की जानकारी दी। कहा कि दिव्यांगों को अपने अधिकारों की जानकारी होनी आवश्यक है। इसके लिए समय-समय पर जागरूकता अभियान भी चलाया जाता है। कहा कि दिव्यांगों के हितों को लेकर कई योजनाएं चल रही हैं। ऐसे में हर दिव्यांग को इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। कहा कि दिव्यांग जन स्वरोजगार जैसी कई योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। शिविर में स्कूली बच्चों को भी साइबर अपराध, पोक्सो एक्ट, बाल संरक्षण सहित अन्य कानूनी जानकारियां दी गई। कहा कि बच्चों को सोच समझकर इंटरनेट मीडिया का उपयोग करना चाहिए। इंटरनेट पर अपनी फोटो व व्यक्तिगत जानकारियां न डाले। साइबर अपराध की घटना की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिस थाने या कोतवाली में दें। इस मौके पर विद्यालय के प्रबंधक गिरीश खुगशाल, प्रधानाचार्य मीना लिंगवाल, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पीएलवी मनीष खुगशाल, हरि सिंह आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक मुकेश बहुगुणा ने किया।