बच्चों को दी अनुशासन और लगन से कार्य करने की प्रेरणा

Spread the love

लैंसडौन में चल रहा सेंट्रल कमांड चिल्ड्रेन समर एडवेंचर कैंप

जयन्त प्रतिनिधि।
लैंसडौन : जीआरआरसी लैंसडौन के तत्वावधान में सेंट्रल कमांड चिल्ड्रेन समर एडवेंचर कैंप 2026 का आयोजन लैंसडाउन में किया जा रहा है। समर कैंप 27 मई को सम्पन्न होगा। जीआरआरसी के कमान लाइन (ट्रेनिंग बटालियन) में हो रहे इस कैंप में 141 बच्चे (78 लड़के तथा 63 लड़कियां) हिस्सा ले रहे हैं।
इस कैंप की शुरुआत 18 मई को हुई थी। कैंप के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ब्रिगेडियर विनोद सिंह नेगी, विशिष्ट सेवा मेडल, कमांडेंट गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंटल सेंटर, लैंसडाउन ने बच्चों से विभिन्न विषयों पर चर्चा करते हुए उन्हें अनुशासन तथा लगन से अपना कार्य करने की प्रेरणा दी। इस कैंप को मनोरंजक, आकर्षक तथा जानकारी पूर्ण बनाने के लिए कैंप अवधि में विभिन्न प्रकार के खेल, मनोरंजन, एडवेंचर तथा शैक्षणिक गतिविधियों का समन्वय किया गया है। कैंप के दौरान कैंपर बच्चों को लैंसडाउन की सांस्कृतिक विरासत से लेकर, आधुनिकतम प्रशिक्षण सुविधाएं, खेल कूद से लेकर मौलिक विकास तक के हर प्रकार के विषय पर प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस कैंप में बच्चों को प्रशिक्षण देने के लिए विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों को जीआरआरसी द्वारा आमंत्रित किया गया है। साथ ही बच्चों को वृक्षारोपण, श्रमदान और स्वच्छता अभियान जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक बनाया जा रहा है। देश के विभिन्न हिस्सों से आए बच्चे कैंप की गतिविधियों का पूरी तरह आनंद उठा रहे है। लैंसडाउन का शांत तथा शीतल पर्यावरण इन बच्चों के उत्साह को और बढ़ाने का कार्य कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *