गहलोत व पायलट विवाद पर जयराम रमेश बोले- कांग्रेस को कड़े फैसले लेने से भी परहेज नहीं

Spread the love

इंदौर, एजेंसी। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच मतभेद को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि पार्टी को दोनों ही नेताओं की जरूरत है, लेकिन संगठन को मजबूत करने के लिए यदि आवश्यकता पड़ी तो कांग्रेस कड़े फैसले लेने से भी परहेज नहीं करेगी।
रविवार को भारत जोड़ो यात्रा के साथ इंदौर पहुंचे राष्ट्रीय महासचिव ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि संगठन हमारे लिए सबसे पहले है। इस मामले में ऐसा समाधान निकाला जाएगा जिससे पार्टी मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि गहलोत जहां वरिष्ठ और अनुभवी नेता हैं, वहीं सचिन पायलट युवा और उर्जावान नेता। इन दोनों की ही पार्टी को जरूरत है, लेकिन फिर भी मुख्यमंत्री गहलोत को ऐसे शब्दों का प्रयोग नहीं करना चाहिए था।
राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बारे में जयराम रमेश ने कहा कि अन्य राज्यों की तरह राजस्थान में भी यात्रा सफल रहेगी। गुजरात चुनाव में भाजपा के सकल्प-पत्र में समान नागरिक संहिता लागू करने के वादे पर उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर संसद के बाहर और भीतर बहस होनी चाहिए। भाजपा वोटों के ध्रुवीकरण के लिए इस तरह के मुद्दे उठाती रहती है और चुनाव होते ही भूल जाती है। उन्होंने कहा कि गुजरात में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच ही है। आम आदमी पार्टी गुजरात में जमीनी स्तर पर मजबूत नहीं है।
बता दें कि हिमाचल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह रविवार को राहुल गांधी की श्भारत जोड़ो यात्राश् में शामिल हुईं। उन्होंने राहुल गांधी के साथ मार्च किया। प्रतिभा सिंह दिनभर राहुल गांधी के साथ इस यात्रा में पैदल चलीं। प्रतिभा सिंह ने राहुल गांधी को पहाड़ी टोपी पहनाई। कांग्रेस महासचिव विक्रमादित्य सिंह व युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष यदुपति ठाकुर भी यात्रा में पैदल मार्च में शामिल हैं।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *