जम्मू-कश्मीर: शोपियां में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़, सेना ने संभाला मोर्चा

Spread the love

जम्मू, एजेंसी। जम्मू-कश्मीर के शोपियां में शनिवार रात आतंकियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। जानकारी के मुताबिक ये मुठभेड़ शोपियां के रावलपोरा में चल रही है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है। हालांकि अभी तक आतंकियों की संख्या को लेकर कुछ स्पष्ट नहीं है।
वहीं उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सोपोर में शनिवार सुबह आतंकियों ने पुलिस पोस्ट पर ग्रेनेड हमला कर दिया था। इसमें दो एसपीओ घायल हो गए। हमले के बाद आतंकी फरार हो गए। सुरक्षा बलों ने इलाके को सील कर तलाशी अभियान चलाया पर आतंकियों का कोई सुराग हाथ नहीं लगा। घायल एसपीओ मोहम्मद अफजल और आजाद अहमद को घायल होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सोपोर के एसएसपी जावेद इकबाल ने बताया कि इस हमले में दो पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। एक को शुरुआती चिकित्सा के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया जबकि दूसरे का इलाज जारी है। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हमले के तुरंत बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और सीआरपीएफ के आला अधिकारी मौके पर जायजा लेने पहुंचे। हमले के बाद आसपास के इलाके को घेरे में लेने के बाद एक संयुक्त तलाशी अभियान चलाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *