नई टिहरी। जिला अस्पताल बौराड़ी में लंबे समय से बंद पड़े जन औषधि केंद्र का संचालन शुरू न होने और नगर पालिका क्षेत्र नई टिहरी में बंदरों की बढ़ती संख्या पर नागरिक मंच ने चिंता जताई है। बंदरों के लोगों पर झपटने और काटने की घटनाओं पर रोष व्यक्त करते हुए मंच ने उक्त दोनों समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी। मंच ने बौराड़ी स्टेडियम के सुधारीकरण और विस्तारीकरण की मांग भी उठाई।
सामुदायिक मिलन केंद्र बौराड़ी में नागरिक मंच के अध्यक्ष सुंदरलाल उनियाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। बैठक में बौराड़ी में एआरटीओ कार्यालय के लिए चयनित भूमि पर निर्माण शुरू न होने और पेट्रोल पंप के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग से पानी की निकासी की समस्या का समाधान नहीं होने पर नाराजगी जताई।
मंच के अध्यक्ष सुंदरलाल ने कहा कि नागरिक मंच समय-समय पर नगर की समस्याओं को उठाकर शासन-प्रशासन को अवगत कराता रहा है, लेकिन मांगों पर कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि दो मुख्यमंत्रियों की घोषणा के बावजूद मेडिकल कॉलेज का मामला लंबित है, जबकि यह पूरे जिले के जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है।