जौनसार-बावर की साहित्यकार सुनीता चौहान को मिला साहित्य सम्मान-2026

देहरादून/नई दिल्ली। जौनसार-बावर क्षेत्र के समाया गांव निवासी कवयित्री एवं साहित्यकार सुनीता चौहान को दिल्ली में आयोजित भव्य साहित्य सम्मान समारोह में साहित्य सम्मान-2026 पुरस्कार से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान जौनसारी भाषा में रचित उनकी पुस्तक सुनरी चलकुड़ी के लेखन तथा लोकभाषा, साहित्य और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
दिल्ली स्थित डीपीएमआई सभागार में हजार ग्राम हजार धाम, हमारी भाषा हमारी पहचान संस्था की ओर से आयोजित इस समारोह में उत्तराखंड की विभिन्न लोकभाषाओं के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से साहित्यकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जौनसारी, गढ़वाली, कुमाऊंनी और नेपाली भाषा से जुड़े कुल 16 साहित्यकारों को साहित्य सम्मान प्रदान किया गया। सुनीता चौहान जौनसार-बावर क्षेत्र की प्रतिष्ठित महिला लेखिका हैं। वह पिछले कई वर्षों से अपनी लेखनी के माध्यम से सामाजिक चेतना, लोक संस्कृति और क्षेत्रीय भाषा को नई पहचान दिलाने का कार्य कर रही हैं। उनके कई काव्य संग्रह एवं उपन्यास प्रकाशित हो चुके हैं। जौनसारी भाषा में उनकी पुस्तक सुनरी चलकुड़ी को भी साहित्य जगत में महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, यह सम्मान उत्तराखंड की लोकभाषाओं के संरक्षण और साहित्यिक योगदान को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदान किया गया। समारोह में सुनीता चौहान को उनके उत्कृष्ट एवं सृजनात्मक साहित्यिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जौनसार-बावर से कविता तोमर एवं पूनम तोमर सहित गढ़वाल से सुरेशी दानू को भी सम्मानित किया गया। वहीं, सुनीता चौहान के सम्मान में प्रस्तुत प्रशस्ति-पत्र का हिंदी में लेखन सुशील बुडाकोटी ह्यशैलांचलीह्ण ने किया, जबकि जौनसारी में भावपूर्ण प्रस्तुति लेखिका एवं गीतकार प्रमिला तोमर ने दी।
समारोह में फिल्म कलाकार अजय सिंह बिष्ट, सुशील बुडाकोटी, सुल्तान सिंह तोमर, लोक गायिका प्रमिला तोमर, डॉ. उमा प्रसाद थपलियाल, जगमोहन सिंह रावत, जबर सिंह कैंतुरा, जयपाल सिंह रावत, निर्मला नेगी, सुनीता जुयाल, दर्शन सिंह रावत, राकेश गुसाईं सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *