जीजीआईसी कोटद्वार ने हैप्पी होम स्कूल को हराकर जीता फाइनल मुकाबला

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : खेलो इंडिया के तहत आयोजित अस्मिता फुटबाल लीग में जीजीआईसी कोटद्वार की बालिकाओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। शशिधर भट्ट स्पोट्र्स स्टेडियम, गाड़ीघाट में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता के फाइनल में जीजीआईसी कोटद्वार ने हैप्पी होम स्कूल को 2-0 से शिकस्त दी।


जिला फुटबाल संघ पौड़ी की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में शहर के विभिन्न विद्यालयों की आठ क्लब टीमों ने प्रतिभाग किया। नॉक आउट आधार पर खेली गई प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। फाइनल मुकाबले में जीजीआईसी कोटद्वार की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। समापन समारोह में मुख्य अतिथि भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री अनीता आर्या ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी, मेडल और प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को मोबाइल फोन के अत्यधिक उपयोग से बचने और खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ ही अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने योग को भी दैनिक जीवन में शामिल करने का आह्वान किया। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला। आयोजन में फुटबाल कोच महेंद्र रावत, शिवा चौधरी, सतीश मौर्य, सिद्धार्थ रावत और तरुण ईस्टवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *