सुनार की निशानदेही पर ज्वेलरी व 11 लाख बरामद

Spread the love

-मध्य हरिद्वार के मोरा-तारा ज्वैलर्स शोरूम में दिनदहाड़े डकैती का मामला
जयन्त प्रतिनिधि।
हरिद्वार : मध्य हरिद्वार के मोरा-तारा ज्वैलर्स शोरूम में दिनदहाड़े डकैती के मामले में पुलिस कस्टडी रिमांड (पीसीआर) पर लिए गए बुलंदशहर के सुनार की निशानदेही पर पुलिस ने बड़ी बरामदगी की है। टीम ने आरोपित प्रदीप उर्फ जैकी को बुलंदशहर ले जाकर उसकी निशानदेही पर लक्ष्मी-गणेश की मूर्ति, दो अंगूठी, एक जोड़ी पायल और सोना गलाकर जुटाई गई 11 लाख की नकदी बरामद की है। शनिवार को आरोपित सुनार को हरिद्वार कोर्ट में पेश करने के बाद फिर से जेल भेज दिया गया।
बुलंदशहर के कुख्यात ताऊ गैंग के बदमाशों ने बीते जुलाई में मध्य हरिद्वार के मोरा तारा ज्वैलर्स शोरूम में दिन-दहाड़े डकैती को अंजाम दिया था। बदमाशों ने शोरूम मालिक निपुण गुप्ता सहित पूरे स्टाफ को हथियारों के बल पर बंधक बनाया और करोड़ों के जेवरात लेकर फरार हो गए थे। पुलिस ने मास्टरमाइंड सतीश चौधरी सहित पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर एक सप्ताह के भीतर डकैती का पर्दाफाश कर दिखाया था। इस मामले की जांच रानीपुर कोतवाल कुंदन सिंह राणा कर रहे हैं। पिछले दिनों पुलिस ने एक फरार आरोपित विकास की संपत्ति कुर्क की थी। जबकि डकैती का सोना हजम करने वाला सुनार प्रदीप कुमार राठौर उर्फ जैकी निवासी सुनारो वाली गली निकट अंबर सिनेमा थाना सदर जिला बुलंदशहर किसी पुराने मामले में जेल चला गया।
बुलंदशहर जेल से बी वारंट पर हरिद्वार लाने के बाद उसका पुलिस कस्टडी रिमांड लेकर पूछताछ की। इसके बाद एक पुलिस टीम बरामदगी के लिए सुनार को बुलंदशहर लेकर पहुंची। शनिवार को पुलिस माल व नकदी सहित सुनार को हरिद्वार ले आई। आरोपित को न्यायालय में पेश कर फिर से जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *