दुगड्डा-गुमखाल के मध्य धधक रहे जंगल, वाहन संचालन भी चुनौती

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : भीषण गर्मी से मैदान के साथ ही पहाड़ भी परेशान होने लगा है। हालत यह है कि दुगड्डा-गुमखाल के मध्य पिछले दो दिन से लगातार जंगल धधक रहे हैं। धुएं व आग की लपटों के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का संचालन करना भी मुश्किल हो गया है।
पहाड़ में गर्मी की तपन के साथ पहाड़ भी धधक रहे हैं। भीषण गर्मी के कारण लैंसडौन वन प्रभाग के जंगल जलने लगे हैं। दुगड्डा-गुमखाल के मध्य भदालीखाल व देवीखाल के जंगलों में जगह-जगह आग लगी हुई है। आग की लपटे राष्ट्रीय राजमार्ग तक पहुंच गई है। हवा के साथ विकराल हो रही आग बड़े भू-भाग को अपनी चपेट में ले रही है। दो दिन से राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन करना तक मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। धुएं के कारण आसपास के ग्रामीणों का भी सांस लेना दूभर हो रहा है। वहीं, राष्ट्रीय राजमार्ग पर खड़े चीड़ के अधजले पड़े राहगिरों के लिए खतरा बन रहे हैं। दरअसल, आग लगने से इन पेड़ों का निचला हिस्सा पूरी तरह खोखला हो चुका है। ऐसे में यह पेड़ कब धराशायी होकर किसकी जिंदगी पर भारी पड़ जाएं कुछ कहा नहीं जा सकता। जबकि, राष्ट्रीय राजमार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन आवागमन करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *