जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुए हमले की भाजपा ने निंदा की है। इस दौरान सदस्यों ने आतंकवाद का पुतला भी दहन किया। साथ ही व्यापार मंडल की ओर से शोक के रूप में गुरुवार को आधा दिन बाजार बंद करने का भी ऐलान किया गया है।
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता व पदाधिकारियों ने मालवीय उद्यान से आतंकवाद के खिलाफ आक्रोश रैली निकाली। इसके उपरांत झंडाचौक में पुतला दहन किया। वक्ताओं ने कहा कि यह आतंकी हमला पाकिस्तान की सोची-समझी साजिश है। देश में आतंकवाद को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा कि भारत सरकार जम्मू-कश्मीर से आंतकवाद को पूरी तरह से समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए सरकार जल्द ही कोई सख्त कदम भी उठाएगी। कहा कि निर्देश लोगों की हत्या करने वाले आतंकवादी मौत के घाट उतार दिए जाएंगे। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष राजगौरव नौटियाल, महापौर शैलेंद्र सिंह रावत, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह रावत, सौरभ नौडियाल, पंकज भाटिया, विवेक अग्रवाल, मोहन सिंह रावत सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।