कपिल सिब्बल बोले- कांग्रेस छोड़ने से पहले सोनिया गांधी से की थी मुलाकात, कहा- आसान नहीं था़.़

Spread the love

 

लखनऊ , एजेंसी। कांग्रेस से इस्तीफा देकर सपा के समर्थन से राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन करने वाले कपिल सिब्बल ने कहा कि सदन में पहुंच कर वे केंद्र सरकार की कमियां उजागर करेंगे।
बुधवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि 2024 में हम सब एक साथ मिलकर जनता की आवाज उठाएंगे। पूरी कोशिश होगी कि जनता के हितों की रक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि वे 16 मई को कांग्रेस से इस्तीफा दे चुके हैं।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस छोड़ने से पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की थी और उनका व्यवहार मेरे प्रति सद्भावपूर्ण था। सिब्बल ने कहा कि कांग्रेस से इस्तीफा देना आसान नहीं था और मैंने हमेशा एक स्वतंत्र आवाज के तौर पर अपनी पहचान बनाए रखी है।
उन्होंने कहा कि प्राथमिकता किसी दल से जुड़ना नहीं है, राज्यसभा में भी निर्दल उम्मीदवार के तौर पर नामांकन किया है। सिब्बल ने समर्थन के लिए सपा का आभार जताया। आजम खां से जुड़े सवाल पर उन्होंने कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया। कांग्रेस में बढ़े तनाव के सवाल पर भी वे चुप्पी साध गए।
कांग्रेस के तेजतर्रार नेता और सुप्रीम कोर्ट में कांग्रेस के संकट मोचक रहे पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल अब समाजवादी पार्टी के समर्थन से राज्यसभा जाएंगे। कबिल सिब्बल ने बुधवार को सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूद्गी में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। वहीं पूर्व राज्यसभा सदस्य जावेद अली ने भी सपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया है।
राज्यसभा में यूपी कोटे की 31 में से 11 सदस्यों का कार्यकाल 4 जुलाई को समाप्त हो रहा है। 11 सीटों पर हो रहे चुनाव के लिए बुधवार को नामांकन दाखिल करने के दूसरे दिन पहला नामांकन कपिल सिब्बल ने दाखिल किया। कपिल सिब्बल सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंचे।
उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर सपा महासचिव प्रो़ रामगोपाल यादव, सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल, सपा विधायक और कपिल सिब्बल के परिवार के सदस्य मौजूद थे। कपिल सिब्बल के बाद पूर्व राज्यसभा सदस्य संभल के जावेद अली ने भी सपा उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *