गोपेश्वर। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने रविवार को जिला सभागार में आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक की। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्यों के साथ लोगों की हर समस्याओं का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों, पोल व लाइनों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए। प्रभावित क्षेत्रों में राशन व जरूरी खाद्य सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराएं। प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी वस्तुओं की आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस की तैनाती सुनिश्चित करने, घायलों व प्रभावितों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही ज्योतिर्मठ और कर्णप्रयाग के बहुगुणानगर में चल रहे सुरक्षात्मक कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी कार्य प्राथमिकता के साथ व तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि बरसात में बंद पड़ी सड़कों को जल्द खोला जाए। बैठक में डीएम गौरव कुमार ने एसडीआरएफ नाम्र्स में अर्बन रोड को शामिल करने और एसडीआरएफ के गठन में इंजीनियरों की नियुक्ति का सुझाव रखा। मंत्री ने इसका प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। बैठक में कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, दायित्वधारी चंद्रकला तिवारी, हरक सिंह नेगी, एसपी सुरजीत सिंह पंवार आदि मौजूद रहे।