राजकीय बेस अस्पताल में खुला कियोस्क हेल्प डेस्क

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार: आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने व गोल्डन कार्ड जारी करने के लिए चयनित परिवारों को अब राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार में भटकना नहीं पड़ेगा। योजना के बेहतर लाभ के लिए अस्पताल में कियोस्क हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया गया है। इसमें तैनात आयुष्मान मित्र गोल्डन कार्ड जारी करने के साथ ही संबंधित बीमारी के चिकित्सक इलाज की भी पूरी जानकारी देंगे।
बुधवार को प्रभारी प्रमुख अधीक्षक डा. दिनेश कुमार, डा. वीसी काला, डा. जेसी ध्यानी ने संयुक्त रूप से कियोस्क हेल्प डेस्क का शुभारंभ किया। डा. दिनेश कुमार ने कहा कि गरीब व असहाय परिवारों को बेहतर उपचार मिल सकें इसके लिए केंद्र व प्रदेश सरकार लगातार योजनाएं बना रही है। कियोस्क हेल्प डेस्क खुलने के बाद आयुष्मान भारत योजना का लाभ लेने वाले मरीज व उनके तीमारदारों को भर्ती व इलाज से संबंधित जानकारी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। यही नहीं हेल्प डेस्क पर तैनात कर्मचारी मरीज के उपचार से संबंधित दस्तावेजों को तैयार करने में पूरा सहयोग करेंगे। कहा कि जितनी भी योजनाएं मरीजों के लिए अस्पताल में चल रही हैं, सभी की जानकारी कियोस्क हेल्प डेस्क पर आसानी से मिल सकेगी। साथ ही 12 से 15 जुलाई तक हेल्प डेस्क में नि:शुल्क आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे। इस मौके पर प्रधानमंत्री आरोग्य मित्र नितिन सिंह नेगी, पवन कुमार, प्रीतम कुमार, बलवीर सिंह रावत आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *