कोटद्वार-पौड़ी

कूड़ा निस्तारण के प्रयास शुरू, दो शिफ्ट में हो रही कूड़े की छंटाई

Spread the love
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम कोटद्वार ने टे्रंचिंग ग्राउण्ड में स्थित कूडे़ के पहाड़ को खत्म करने के लिए बायो रेमिडिएशन मशीन लगाई है। इस मशीन से कूड़ा छंटाई करने में मदद मिल रही है। जिससे यहां कचरे के निस्तारण में वृद्धि हुई है। नगर निगम ने टे्रंचिंग ग्राउण्ड में कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फिलहाल प्रतिदिन 22 टन कूड़े की छंटाई बायो रेमिडिएशन मशीन से की जा रही है। आने वाले दिनों में प्रतिदिन करीब 42 टन कूड़े की छंटाई की जाएगी। नगर निगम की ओर से दो शिफ्टों में कूड़े की छंटाई शुरू करा दी गई है। इसके लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। कूड़े की छंटाई होने से ट्रेंचिंग ग्राउण्ड में कूड़े की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद जगी है।
नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत प्रतिदिन 70 टन कूड़े को एकत्रित कर खोह नदी किनारे बनें ट्रेंचिंग ग्राउण्ड में एकत्रित किया जाता है, लेकिन इस कूड़े के निस्तारण के लिए नगर निगम के पास कोई व्यवस्था नहीं है। ऐसे में ट्रेंचिग ग्राउंड में लगातार कूड़े का पहाड़ बन रहा है, जो नगर निगम प्रशासन के लिए लंबे समय से सिरदर्द बना हुआ है। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) के निर्देश के बाद विगत 23 अक्टूबर को ट्रेंचिंग ग्राउण्ड में कूड़ा छंटाई के लिए छ: लाख की लगात से खरीदी गई बॉयो रेमिडिएशन मशीन को स्थापित किया गया। एक शिफ्ट में मशीन के संचालन से पर्याप्त कूड़े की छंटाई नहीं हो पा रही थी, जिस कारण अब नगर निगम ने मशीन को दो शिफ्टों में चलाना शुरू कर दिया है। बता दें कि विगत 23 अक्टूबर को नगर निगम की ओर से कूड़ा निस्तारण के लिए खोह नदी के किनारे स्थित टे्रंचिंग ग्राउण्ड में बायो रेमिडिएशन मशीन लगाई गई। महापौर श्रीमती हेमलता नेगी ने बायो रेमिडिएशन मशीन का शुभारंभ किया था। यह मशीन करीब छ: लाख की लागत से खरीदी गई है। इस मशीन के माध्यम से खाद, प्लास्टिक व पत्थर आदि को अलग-अलग किया जा रहा है। प्रति एक घंटे में यह मशीन करीब पांच टन कूड़े की छटाई कर सकती है, लेकिन वर्तमान में ट्रेंचिंग ग्राउण्ड में जेसीबी मशीन के लिए पर्याप्त जगह न होने से प्रतिदिन करीब 22 टन कूड़े की ही छंटाई हो पा रही है।
नगर आयुक्त पीएल शाह ने बताया कि टे्रंचिंग ग्राउण्ड में बायो रेमिडिएशन मशीन से कूड़े की छंटाई कराई जा रही है। दो शिफ्टों में कूड़ा छंटाई का काम चल रहा है। मंगलवार से मशीन सुबह आठ से दोपहर 1 बजे तक और दोपहर दो से सांय 6 बजे तक चल रही है। पहली शिफ्ट सफाई निरीक्षक सुनील कुमार के नेतृत्व व वर्क एजेंट असलम, सफाई हलवदार महेन्द्र की देखरेख और दूसरी शिफ्ट सफाई निरीक्षक सोवेन्द्र कुमार के नेतृत्व और वर्क एजेंट कुलदीप, सफाई हवलदार शशि की देखरेख में चल रही है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन 22 टन कूड़े की छंटाई की जा रही है। आने वाले दिनों में प्रतिदिन लगभग 42 टन कूड़े की छंटाई होगी। क्योंकि अभी ट्रेंचिंग ग्राउण्ड में मशीनों के लिए पर्याप्त जगह नहीं है, जिस कारण कूड़ा छंटाई में दिक्कतें हो रही है।
मशीन की क्षमता
बायो रेमिडिएशन मशीन की लागत लगभग छ: लाख है। इस मशीन की क्षमता प्रति घंटा पांच टन कूड़ा छंटाई करने की है। इस मशीन के माध्यम से मिट्टी, प्लास्टिक व पत्थर आदि अलग-अलग किये जा सकते है। इस मशीन में एक ट्रॉली लगी हुई है जिसके माध्यम से कूड़ा अंदर जाता है और उसके बाद मिट्टी, प्लास्टिक और पत्थर को अलग-अलग करती है। नगर आयुक्त पीएल शाह का कहना है कि इस मशीन के सफलतापूर्वक काम करने पर उन्हें 100 प्रतिशत भरोसा है। यह कूड़े की समस्या से निपटने में एक बड़ी सफलता और कारगर कदम साबित होगा।
निगम क्षेत्र से प्रतिदिन उठता है 70 टन कूड़ा
नगर निगम के चालीस वार्डों से प्रतिदिन 70 टन कूड़ा एकत्रित कर वाहनों के माध्यम से खोह नदी किनारे स्थित टें्रचिंग ग्राउण्ड में एकत्रित किया जाता है। पूर्व में कूड़ा निस्तारण की उचित व्यवस्था न होने से धीरे-धीरे ट्रेंचिंग ग्राउण्ड में कूड़े का पहाड़ बन गया है, लेकिन अब नगर निगम की ओर कूड़े के पहाड़ को खत्म करने के लिए पूरी योजना बना ली गई है और इस पर लगातार काम हो रहा है। इसी कड़ी में यहां मशीन लगाई गई है, ताकि कूड़े को अलग-अलग करके उसे उपयोग लायक बनाया जा सके। नगर आयुक्त पीएल शाह ने बताया कि नगर निगम का प्रयास है कि जल्दी से जल्दी इस कूड़े के पहाड़ को खत्म किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!