संवाददाता, नई टिहरी। डीएम मंगेश घिल्डियाल ने जिले में आने वाले प्रवासियों को लेकर प्लान प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि अब प्रवासियों को जिले की सीमा के आसपास के होटलों, धर्मशालाओं व सरकारी भवनों में संस्थागत क्वारंटाइन किया जायेगा। उनके खाने पीने सहित साफ-सफाई व्यवस्था का पूरा ध्यान रखा जायेगा। इसके लिए जिम्मेदारियों को बांट दिया गया है। उन्होंने जनपद में अब तक 19 कोरोना पॉजिटिव की जानकारी देते हुये बताया कि सभी महाराष्ट्र से आये हैं। इन सभी को सुरसिंगधार नर्सिंग कालेज में आइसोलेट किया जा रहा है। नर्सिंग कालेज की क्षमता को 250 तक बढ़ाया जायेगा। नव नियुक्त डीएम घिल्डियाल ने पहली बार पत्रकारों से रूबरू होते हुये बताया कि जनपद में अब तक बाहर से 25 हजार 997 आये हैं। जिनमें से 14720 को संस्थागत क्वारंटीन और 11277 को होम क्वारंटीन किया गया है। जिले में अब तक 520 की सैंपलिंग की गई है। जिनमें से 130 नेगेटिव, 19 पाजिटिव और 371 की रिपोर्ट आनी बाकी है। प्रवासियों के क्वारंटाइन के लिए 405 होटलों में 6675 कमरों की व्यवस्था की गई है। तहसीलों में भी एसडीएमों के माध्यम से होटलों की व्यवस्था की जा रही है। होटलों को स्वयंसेवकों की मदद से सेनेटाइज और साफ करवाया जायेगा। क्वारंटीन के दौरान नो टच पालिसी अपनाई जायेगी। जिसके लिए ड्यूटी करने वाले सभी कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। मुनिकीरेती क्षेत्र में व्यवस्थाओं को सुधारने के लिए 30 पीआरडी जवान दिये गये हैं। इसके साथ ही क्वारंटीन सेंटरों पर सुरक्षा की दृष्टि से कम से कम एक पीआरडी जवान तैनात करने की तैयारी है। गांव में ग्राम प्रहरी की मदद से सुरक्षा पर नजर रखी जायेगी। बताया की इस समय 20 मेडिकल स्प्रे मशीन हैं, जो अपर्याप्त हैं। इन्हें बढ़ाने का काम किया जा रहा है। 3910 पीपीई कीट हैं।