कोटद्वार बेस अस्पताल को मिले अतिरिक्त चिकित्सक

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार स्थित राजकीय बेस चिकित्सालय में बाल रोग विशेषज्ञ डा. हरेंद्र कुमार और स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. संगीता कठैत नेगी को दोबारा तैनाती मिल गई है। इसके अलावा चिकित्सालय में एक वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी की भी तैनाती की गई है। इन चिकित्सकों की वापसी से मरीजों को राहत मिलने के साथ ही चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होने की उम्मीद है।


कुछ माह पूर्व बाल रोग विशेषज्ञ डा. हरेंद्र कुमार का स्थानांतरण नरेंद्र नगर कर दिया गया था। उनके स्थानांतरण के बाद बेस चिकित्सालय के बाल रोग विभाग की जिम्मेदारी डा. कुसुम के कंधों पर आ गई थी। ऐसे में विभाग में अतिरिक्त चिकित्सक की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। चिकित्सालय प्रशासन की ओर से भी बाल रोग विभाग में चिकित्सक की तैनाती के लिए शासन को पत्र भेजा गया था। इसके बाद शासन ने डा. हरेंद्र कुमार के स्थानांतरण पर पुनर्विचार करते हुए उन्हें दोबारा कोटद्वार बेस चिकित्सालय में तैनात कर दिया। इसी तरह स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. संगीता कठैत नेगी का स्थानांतरण जिला चिकित्सालय, देहरादून कर दिया गया था। उनके जाने के बाद चिकित्सालय के स्त्री रोग विभाग में दो ही चिकित्सक रह गई थीं। अब शासन ने डा. संगीता को भी पुन: कोटद्वार बेस चिकित्सालय में तैनाती दे दी है। वहीं, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानकमत्ता में तैनात डा. अमजद खान को वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी के रूप में राजकीय बेस चिकित्सालय, कोटद्वार भेजा गया है। इन नियुक्तियों से चिकित्सालय में चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ेगी और मरीजों को उपचार में सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *