जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। पौड़ी गढ़वाल में कोरोना महामारी के चलते दसवीं और बारहवीं की कक्षाओं के संचालन में विद्यालय प्रशासन किस तरह की लापरवाही बरत रहा है यह मामला यहां एक राजकीय इंटर कॉलेज में देखने को मिला। जिसमें कोरोना संक्रमित एक शिक्षक लगातार छात्रों को पढ़ा रहा था। आज मंगलवार को उस अध्यापक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर विद्यालय के अन्य शिक्षक व छात्रों में हड़कंप मच गया। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय को रविवार तक के लिए बंद करने के आदेश दिये है।
जानकारी के अनुसार कोटद्वार नगर निगम क्षेत्रान्तर्गत राजकीय इंटर कॉलेज कुम्भीचौड़ में आज मंगलवार को अध्यापन कर रहे एक शिक्षक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। इससे छात्रों और अन्य अध्यापकों में कोरोना संक्रमण का भय पैदा हो गया तथा वे अपनी कोरोना जांच के लिए जगह-जगह सम्पर्क करते दिखाई दिये। चूंकि विद्यालय प्रशासन का कहना है कि कोरोना संक्रमित अध्यापक की नियमित थर्मल स्क्रीनिंग कराई जाती रही, जिसमें वह सामान्य दिखाई दिये, जिससे उन्हें कक्षा में जाने की अनुमति दी गई। जबकि सूत्रों का कहना है कि अध्यापक पिछले चार-पांच दिन से बुखार से पीड़ित था और उन्होंने इसके चलते अपनी कोरोना जांच कराई थी। जिसकी रिपोर्ट आज मंगलवार को दोपहर में आने के बाद विद्यालय के थर्मल स्क्रीनर की गुणवत्ता या विद्यालय प्रशासन की सर्तकता पर सवालिया निशान खड़े हो गये है। कोरोना महामारी को फैलने से रोकने के लिए केन्द्र सरकार की ओर से मार्च माह में देश में लॉकडाउन घोषित किया गया था। जिस कारण प्रदेश सहित कोटद्वार में भी सभी स्कूल बंद हो गये थे। करीब सात माह बाद विगत 2 अक्टूबर को स्कूलों को कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए खोला गया। क्लास अटेंड करने के लिए छात्रों को अभिभावक की लिखित इजाजत साथ लाना अनिवार्य किया गया है। ऐसे में कई अभिभावकों ने अपने पाल्यों को विद्यालय जाने की अनुमति नहीं दी। हालांकि छात्र-छात्राओं के साथ ही शिक्षक शिक्षिकाओं और स्कूल कर्मचारियों की भी थर्मल स्क्रीनिंग और हाथों को पूर्ण सैनिटाइज करने के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा था। अब कोरोना वायरस ने सनेह क्षेत्र के राजकीय इंटर कॉलेज कुम्भीचौड़ में दश्तक दे दी है। विद्यालय के एक शिक्षक की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
संक्रमित शिक्षक कोटद्वार बेस से रैफर हुआ था एम्स में
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील प्रकाश मधवाल ने बताया कि विद्यालय के एक शिक्षक में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। पिछले दिनों शिक्षक की तबीयत खराब होने पर उन्हें राजकीय बेस अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया गया था। जहां से शिक्षक को एम्स ऋषिकेश रैफर किया गया। जहां उनकी कोरोना जांच की गई। उन्होंने बताया कि मुख्य शिक्षा अधिकारी पौड़ी गढ़वाल मदन सिंह रावत के निर्देशानुसार विद्यालय को रविवार तक बंद कर दिया गया है। विद्यालय अब सोमवार को पूर्व की भांति खुलेगा। विद्यालय को पूरी तरह से सैनेटाइज करा दिया गया है। दोबारा विद्यालय को शनिवार और रविवार को सैनेटाइज कराया जाएगा। कोरोना पॉजिटिव शिक्षक के सम्पर्क में समस्त शिक्षक, शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं 22 नवम्बर तक होम क्वारंटीन रहेगें। अगर किसी शिक्षक, शिक्षिकाएं, कर्मचारी और छात्र-छात्रा को खांसी, जुकाम, बुखार एवं गले में खरास, सांस लेने में परेशानी होती है तो वह अपनी कारोना जांच कराएं और शासन की गाइड लाइन का पालन करें। प्रधानाचार्य ने बताया कि शिक्षक के सम्पर्क में आये बच्चों के अभिभावकों को अपने पाल्यों का कोविड टेस्ट कराने को कहा गया है।
पौड़ी गढ़वाल में 26 और मिले कोरोना संक्रमित
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। जनपद पौड़ी गढ़वाल में कोरोना मरीजों की संख्या 3516 से बढ़कर 3542 पहुंच गई है। मंगलवार को जिले में 26 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग की टीम कोरोना पॉजिटिव आये मरीजों के सम्पर्क में आये लोगों को चिन्हित करने में जुटा है।
जिला पौड़ी गढ़वाल के कोरोना रोकथाम वार रूम की रिपोर्ट के अनुसार काशीरामपुर कोटद्वार निवासी 65 वर्षीय वृद्धा, कोटद्वार निवासी 59 वर्षीय महिला, मोटाढांग तल्ला निवासी 65 वर्षीय वृद्ध, काशीरामपुर मल्ला निवासी 45 वर्षीय पुरूष, 41 वर्षीय महिला, 16 वर्षीय बालक, हरेन्द्र नगर कोटद्वार निवासी 59 वर्षीय पुरूष, रिखणीखाल निवासी 24 वर्षीय युवती, नैनीडांडा निवासी 17 वर्षीय युवती, 56 वर्षीय पुरूष में कोरोना वायरस पाया गया है। उक्त लोगों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। विगत दिनों स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कोरोना जांच के लिए उक्त लोगों के सैंपल लिए थे। वहीं कैंयूर थलीसैंण निवासी 67 वर्षीय वृद्ध, चमोली गढ़वाल निवासी 70 वर्षीय वृद्धा, रूद्रप्रयाग निवासी 50 वर्षीय पुरूष, 74 वर्षीय वृद्ध, पौड़ी निवासी 67 वर्षीय वृद्ध, श्रीकोट गंगनाली निवासी 61 वर्षीय महिला, नोएडा उत्तर प्रदेश निवासी 17 वर्षीय युवती, विनोद नगर इस्ट दिल्ली निवासी 55 वर्षीय पुरूष, नोएडा उत्तर प्रदेश निवासी 17 वर्षीय युवती, घसियामहादेव श्रीनगर निवासी 22 वर्षीय युवक, केदार मोहल्ला श्रीनगर निवासी 18 वषीय युवक, श्रीनगर निवासी 66 वर्षीय वृद्धा में भी कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।