कोटद्वार-पौड़ी

कोटद्वार में स्वच्छता अभियान को पलीता लगा रहे है गंदगी के ढ़ेर

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छता अभियान को नगर निगम कोटद्वार क्षेत्र में जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर पलीता लगा रहे है। इस तरफ नगर निगम का कोई ध्यान नहीं है। सड़क किनारे कूड़े के ढेर लगे होने से दुर्गन्ध उठ रही है। दुर्गन्ध के कारण आस-पास रहने वाले तथा वहां से गुजरने वाले लोगों का जीना दुश्वार हो गया। लोगों का कहना है कि गन्दगी की दुर्गन्ध के कारण बीमारी फैलने की भी आशंका बनी हुई है। कई बार अधिकारियों से नियमित सफाई कराने के लिए गुहार लगा चुके हैं, लेकिन उनकी फरियाद को अनसुना किया जा रहा है।
देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा स्वच्छ भारत अभियान की शुरूआत की गई। केन्द्र व राज्य सरकार द्वारा जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का काम किया जा रहा है। बावजूद इसके कोटद्वार नगर निगम क्षेत्र में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए है। शहर में समय से कूड़ा न उठने से सड़क किनारे दोपहर तक कूड़ा फैला रहता है, जिस कारण स्थानीय निवासियों व लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बुधवार को नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत काशीरामपुर तल्ला में समय से कूड़ा न उठने के कारण सड़क किनारे कूड़ा फैला हुआ था। सड़क किनारे फैली हुई गंदगी से बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है। क्षेत्र में सफाई व्यवस्था का जिम्मा नगर निगम का है और सफाई व्यवस्था बनाए जाने को लेकर नगर निगम लाखों रुपये खर्च करती है उसके बाद भी पूरी तरह से सफाई नहीं हो पाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर निगम की ओर से सफाई कर्मचारी कूड़े को समय पर नहीं उठाते है, इसलिए यहां पर हर समय कूड़ा फैला रहता है। सड़क पर कूड़ा फैला होने से लोगों को जहां भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है, वहीं बीमारियों के फैलाने का भी खतरा बना रहता है। इस संबंध में कई बार नगर निगम के अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर निगम की लापरवाही का खामियाजा आमजन को भुगतना पड़ रहा है। नगर की सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
नगर निगम के सफाई निरीक्षक सुनील कुमार का कहना है कि लकड़ीपड़ाव में काशीरामपुर तल्ला मार्ग पर कूड़े की समस्या के निस्तारण के लिए कूड़ा घर का निर्माण किया जायेगा। उन्होंने कहा कि लोग कूड़ा एक स्थान की बजाय सड़क पर फैला देते है। सफाई निरीक्षक ने लोगों से शहर को स्वच्छ बनाने में सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!