Uncategorized

कृषि विधेयक बिल के खिलाफ निकली किसान-मजदूर जागृति यात्रा

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

-नए कृषि कानून वापस लेने तक चलेगा आंदोलन
रुद्रपुर। कृषि विधेयक बिल के खिलाफ किसान-मजदूर जागृति यात्रा का नगर में जगह-जगह स्वागत हुआ। इस दौरान संयुक्त किसान मोर्चा के नेताओं पर पुष्पवर्षा की गई। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ती गई, वैसे ही ट्रैक्टरों का कारवां भी बढ़ता गया। किसान नेताओं ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार को मजबूर करने के लिए किसानों ने मोर्चा खोल दिया है। जिस प्रकार देशभर में जगह-जगह बड़ी संख्या में किसान संगठित हो रहे हैं, उससे साफ है कि कृषि कानून वापस नहीं होने तक बॉर्डरों पर आंदोलन जारी रहेगा। बुधवार को संयुक्त किसान मोर्चा की अगुवाई कर रहे तराई किसान संगठन के अध्यक्ष तजेन्दर सिंह विर्क, जसवीर सिंह, संतोख सिंह, जागरूक सिंह, सलविंदर सिंह, गुरजीत सिंह चीमा समेत बड़ी संख्या में ट्रैक्टर व वाहनों का काफिला दिनेशपुर से होता हुआ अग्रसेन चौक पहुंचा। यहां कांग्रेस प्रदेश सचिव सीपी शर्मा, पूर्व पालिकाध्यक्षा मीना शर्मा और पूर्व मंडी समिति अध्यक्ष अरुण कुमार शुक्ला सहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुष्पवर्षा की और नेताओं को माला पहनाकर यात्रा का स्वागत किया। यात्रा किच्छा बाईपास से होते हुए बगवाड़ा पहुंची। जहां बड़ी संख्या में किसानों ने ट्रैक्टर का काफिला खड़ा किया था। जैसे ही यात्रा पहुंची किसानों ने पुष्पवर्षा और ढोल नगाड़ों के साथ अभिनंदन किया। इस दौरान महज बगवाड़ा गांव से 60 ट्रैक्टरों का काफिला यात्रा में शामिल हुआ और लोगों ने फल बांटकर सेवा भी की। इसके बाद यात्रा गांव रामनगर पहुंची। यहां कांग्रेसी नेता अरुण कुमार शुक्ला की अगुवाई में 70 ट्रैक्टर यात्रा में शामिल होते चले गए। मोर्चे के नेताओं ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार चुनिंदा पूंजीपतियों के हाथों किसानों को बेचने का षड़यंत्र रच चुकी है। यही वजह है कि कानून पारित होने से पहले ही सैकड़ों एकड़ में गोदाम बना दिए हैं। उन्होंने ऐलान किया कि मोदी सरकार की हठधर्मिता को तोड़ने के लिए मोर्चा ने भी कमर कस ली है और जब तक विधेयक वापस नहीं होगा। देश की जनता को भी आंदोलन से जोड़ा जाएगा। यहां गुरबाज सिंह, दिलराज सिंह, गुरमुख सिंह विर्क, विक्रमजीत सिंह विक्की, गुरजीत सिंह, सुरमुख सिंह,अमरीक सिंह संधू, अमृत पाल सिंह, प्रीतपाल, अनूप सिंह, बलराम सिंह, वीर सिंह, गुरप्रीत सिंह, रामसिंह, कर्णवीर सिंह, अमरजीत सिंह, शिवराज सिंह, पलविंदर सिंह संधू, निसावर सिंह, राजेंद्र सिंह संधू आदि मौजूद रहे।
यात्रा में शामिल होते रहे बड़ी संख्या में ट्रैक्टर: किसान-मजदूर जागृति यात्रा के नगर आगमन पर यात्रा के साथ कुछ ही ट्रैक्टर और वाहनों का काफिला था, लेकिन जैसे ही गांव के नजदीक यात्रा पहुंची, वैसे ही यह काफिला बड़ा कारवां बनता गया। इस दौरान बगवाड़ा गांव से 60, रामनगर से 70 और लालपुर पहुंचते-पहुंचते यात्रा में सौ से अधिक ट्रैक्टर यात्रा में जुड़ गए। जिसे देखकर यहां संयुक्त किसान मोर्चा के नेता गदगद हो गए। वहीं लंबी कतारबद्ध ट्रैक्टर यात्री के साथ किसानों की भीड़ भी काफी देखने को मिली।
पूर्व मंत्री बेहड़ ने भी ट्रैक्टर चलाकर दिया समर्थन: किसान-मजदूर जागृति यात्रा को अपना समर्थन देते हुए पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तिलकराज बेहड़ ने ट्रैक्टर चलाकर नए अंदाज में अपना समर्थन दिया। बुधवार को यात्रा गांव बगवाड़ा पहुंची तो वहां मौजूद पूर्व मंत्री तिलकराज बेहड़ ने अपना समर्थन देते हुए किसानों के साथ खुद ट्रैक्टर चलाया और यात्रा में शामिल होते हुए रामनगर तक ट्रैक्टर चलाकर ले गए। उन्होंने ऐलान किया कि अन्नदाताओं को गुलाम बनाने की साजिश को नाकाम किया जाएगा। इसके लिए कांग्रेस किसानों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि अभी तो ट्रैक्टर चलाकर समर्थन दिया गया है, जरूरत पड़ी तो हाईवे जाम करके केंद्र सरकार को मजबूर किया जाएगा।
बच्चों में दिखा उत्साह, हाथों में थामा झंडा: देशभर की यात्रा पर निकला किसान जागृति यात्रा को लेकर किसानों में उत्साह देखने को मिला। वहीं किसानों के बच्चों में भी उत्साह दिखा। सुबह से ही बड़ी संख्या में बच्चे यात्रा का गर्मजोशी से ट्रैक्टर पर बैठकर घंटों इंतजार करते दिखे। इस दौरान बच्चे हाथों में संयुक्त किसान मोर्चा का झंडा लेकर किसानों को अपना समर्थन देने का संदेश रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!