जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) ने क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर आमजन के बीच पहुंचने और संवाद बढ़ाने का निर्णय लिया है। संगठन की ओर से युवाओं समेत समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ने के लिए अभियान चलाने की बात कही गई। बैठक में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रियता से कार्य करने का संकल्प भी लिया।

कण्वघाटी में आयोजित उक्रांद की बैठक में क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई। कार्यक्रम सीमा बिष्ट और बिनीता रावत के नेतृत्व में आयोजित हुआ। वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी पीएस जोशी ने बैठक की अध्यक्षता की। इस दौरान दल के पदाधिकारियों ने प्रदेश की वर्तमान परिस्थितियों और क्षेत्रीय मुद्दों को लेकर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि राज्य गठन के 26 साल बाद भी उत्तराखंड में कई बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं और लोगों को अपनी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की सत्ता में रही दोनों राष्ट्रीय पार्टियां राज्य आंदोलन के उद्देश्यों और आंदोलनकारियों की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास का मॉडल तैयार नहीं कर सकीं। बैठक में कहा गया कि प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद उत्तराखंड की समस्याओं का अपेक्षित समाधान नहीं हो पाया है। उक्रांद नेताओं ने कोटद्वार क्षेत्र की लंबित समस्याओं को उठाते हुए कहा कि इनके समाधान के लिए संगठन जनता के बीच जाकर आवाज उठाएगा। उन्होंने क्षेत्रीय मुद्दों पर जनता का समर्थन जुटाने और कोटद्वार के विकास से जुड़े विषयों को प्राथमिकता से उठाने की बात कही। इस अवसर पर उम्मेद भंडारी, देवेंद्र रावत, गणेश रावत, गोवर्धन काला, राजेश बुड़ाकोटी, शिवचरण सौंद, कृपाल गुसाईं और रविंद्र सौंद समेत कई कार्यकर्ता व पदाधिकारी मौजूद रहे।