बारिश से दो स्थानों पर भूस्खलन, बोल्डर और पेड़ गिरे

Spread the love

नैनीताल। जिले में शनिवार को बारिश के बीच दो अलग-अलग स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं हुईं। नैनीताल-भवाली मार्ग पर पहाड़ी दरकने से बोल्डर गिरे जबकि भवाली बाईपास रोड पर एक विशालकाय चीड़ का पेड़ सड़क पर आ गया। इन घटनाओं से यातायात बाधित रहा।
नैनीताल-भवाली मार्ग पर पाइंस क्षेत्र में बारिश के दौरान पहाड़ी का हिस्सा अचानक दरक गया। इससे भारी मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर सड़क पर गिर गए। इस दौरान मार्ग से गुजर रहे वाहन सवार बाल-बाल बच गए। बोल्डरों के गिरने से यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में लोनिवि कर्मियों ने मलबा हटाकर यातायात सुचारु कराया। स्थानीय लोगों के अनुसार, यह पहाड़ी करीब चार वर्ष पूर्व भी दरक चुकी थी।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता रत्नेश सक्सेना ने चट्टान के निरीक्षण के बाद आवाजाही में सावधानी बरतने की अपील की है। वहीं, भवाली बाईपास रोड पर सिपरा पुल के पास बारिश के कारण भूस्खलन हुआ। भूस्खलन से चीड़ का पेड़ और बड़े बोल्डर सड़क पर आ गिरे। इससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। शनिवार सुबह करीब 11:46 बजे डीसीआर के माध्यम से फायर स्टेशन मल्लीताल को सूचना मिली। सूचना मिलते ही फायर यूनिट आवश्यक उपकरणों के साथ तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। घटनास्थल पर पहुंचने पर फायर कर्मियों ने सड़क खोलने का कार्य शुरू किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *