नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा सरकार को घेरा

Spread the love

काशीपुर। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने बुधवार को भाजपा सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि यह प्रदेश का दुर्भाग्य है कि सबका साथ सबका विकास की बात कहने वाली सरकार पिछले साल पूरा बजट खर्च ही नहीं कर पाई, जबकि विभागवार धनराशि रिलीज की गई थी। इसका जिम्मेदार कौन है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अफसरशाही बेलगाम हो गई है। नेता प्रतिपक्ष आर्य बुधवार को रामनगर रोड स्थित कांग्रेस नेता के प्रतिष्ठान पर पत्रकारों से वार्ता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने बिजली के करीब 10 प्रतिशत दाम बढ़ा दिए हैं। पर्वतीय क्षेत्र में जल विद्युत परियोजनाएं के लिये जमीन से लेकर अन्य संसाधन सब पहाड़ ने दिया, लेकिन आज राज्य को ऊर्जा प्रदेश कहने वाली सरकार बिजली के दाम बढ़ाकर आमजन पर बोझ डाल रही है। उन्होंने कहा कि सर्किल रेट पूरे प्रदेश में 120 प्रतिशत तक बढ़ा दिये गये हैं। आज काशीपुर में अधिवक्ता आंदोलन कर रहे हैं। पानी महंगा हो गया है। प्रदेश में किताबें- कापियों के दाम बढ़ा दिये गए हैं। पूरे प्रदेश में बागवानी व किसानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार को सर्वे कराकर तत्काल नुकसान का मुआवजा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसा महसूस होता है कि देश में अघोषित आपातकाल है, भारत का लोकतंत्र खतरे में है। संविधान को खत्म करने की कोशिशें हो रही हैं। कहा कि देश में भय, नफरत का माहौल बन चुका है। देश के महत्वपूर्ण मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने को विपक्ष को लगातार कमजोर करने की कोशिश हो रही है। उद्योगपतियों को सरंक्षण दिया जा रहा है। देश की अर्थव्यवस्था चरमरा चुकी है। गांधी परिवार ने देश की आजादी के लिये संघर्ष किया आज ऐसे परिवार के लिये अपमानजनक और अभद्र टिप्पणी की जा रही हैं, जो चिंता का विषय है। इस दौरान कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन, हरीश कुमार सिंह, विमल गुड़िया, दीपिका गुड़िया आत्रेय, संदीप सहगल, अलका पाल, त्रिलोक सिंह अधिकारी, आशीष अरोरा आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *