बागेश्वर। तहसील मुख्यालय से लगे ऐठाण गांव के लीमा तोक में 15 दिन से पानी का संकट बना हुआ है। 20 परिवार के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। उपभोक्ताओं ने जल संस्थान से जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। मांग पूरी नहीं होने पर कार्यालय में तालाबंदी करने की चेतावनी दी है। मालूम हो कि ऐठाण गांव में एक हजार लोग रहते हैं। इसमें करीब 81 परिवार रहते हैं, लेकिन लीमा तोक में 20 परिवार रह रहे हैं। उस क्षेत्र में 15 दिन से पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है। इस कारण लोग परेशान हैं। एक स्टैंड पोस्ट में थोड़ा पानी आ रहा है। इस कारण यहां सुबह और शाम पानी भरने वालों की लाइन लगी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों जौ, मसूर तथा गेहूं की फसल पकने लगी है। पानी के अभाव में उनकी दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है। पूरा दिन पानी की व्यवस्था में निकल रहा है। महिलाओं ने कहा कि यदि जल्द उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वह तहसील मुख्यालय में जाकर जल संस्थान कार्यालय में तालाबंदी करेंगे। चेतावनी देने वालों में सुनीता टम्टा, किरण देवी, अनुली देवी, भानुली देवी, चंपा देवी आदि शामिल हैं। इधर जल संस्थान के जेई नीरज हरड़िया ने बताया कि क्षेत्र में एक स्टैंड पोस्ट है। क्षेत्र में उनके सिर्फ तीन उपभोक्ता हैं। उन्होंने लेागों ने कनेक्शन लेने को कहा। कनेक्शन बढ़ेगे तो पानी की समस्या भी दूर होगी।