एलटी अभ्यर्थियों ने दी आंदोलन की चेतावनी

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में सहायक अध्यापक एलटी भर्ती 2024 के अभ्यर्थियों ने सोमवार को अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष और सचिव को ज्ञापन सौंपा। सभी ने उनके मामले में सुनवाई नहीं हो पाने को लेकर नाराजगी जताते हुए आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। अभ्यर्थियों ने बताया कि उत्तराखंड में सहायक अध्यापक एलटी भर्ती 2024 एक बार फिर विवादों में घिर गई है। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित इस भर्ती प्रक्रिया में 1544 पदों के सापेक्ष 1352 अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिल चुकी है। लेकिन शेष 192 से अधिक पदों पर परिणाम अब भी कानूनी उलझन में फंसा है। अभ्यर्थी संशोधित परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। अभ्यर्थियों ने बताया कि सहायक अध्यापक भर्ती एलटी 2024 के संबंध में सिंगल बेंच के फैसले के खिलाफ डबल बेंच में विशेष अपील दायर की गई है। जबकि इस संबंध में आयोग सिंगल बेंच व डबल बेंच दोनों में प्रश्नों को लेकर अपनी गलती मान चुका है। उसके बावजूद विगत दस मार्च 2026 से आयोग की तरफ से पैरवी करने के लिए डबल बेंच में वकील उपस्थित नहीं हुए हैं। जिस कारण इस मामले की सुनवाई नहीं हो पा रही। इस मामले में कोई फैसला नहीं हो पा रहा। अभ्यर्थियों ने कहा कि अभ्यर्थी जिनका संशोधित परिणाम के बाद चयन होना तय था। वह मानसिक पीड़ा से गुजर रहे हैं। सभी ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए उच्च न्यायालय की डबल बेंच में इस प्रकरण संबंधी उचित व शीघ्र पैरवी करने के लिए कोई ठोस निर्णय लेने की मांग की है। इस दौरान सविता लखेड़ा, अंकित कुमार, पूजा थापा, कुमारी बबिता, दीपक बोरा, अंकित राणा, तुषार बिष्ट, विकास सैनी आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *