चिकित्सक से मारपीट का आरोपित कर्मचारी गिरफ्तार

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में चिकित्सक के साथ मारपीट के आरोपित कर्मचारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उक्त कर्मचारी के खिलाफ चिकित्सक ने पौड़ी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था।
सीएचसी थलीसैंण में तैनात डॉ. संजय सिंह व वहीं तैनात कर्मचारी जितेंद्र भाकुनी के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों के बीच विवाद की जानकारी पर मुख्यालय से कार्यवाही करते हुए डॉ. संजय को पोखड़ा विकासखंड स्थानांतरित कर दिया गया था। जबकि जितेंद्र को जनपद मुख्यालय संबद्ध कर दिया गया था। बुधवार को डॉ. संजय विभागीय कार्य के लिए मुख्यालय पहुंचे थे। यहां डॉ. संजय का सामना एक बार फिर जितेंद्र से हो गया। दोनों के आमने-सामने होते ही एक बार फिर विवाद शुरू हुआ जो हाथापाई तक पहुंच गया था। इस दौरान यहां मौजूद कर्मचारियों ने बीच बचाव कर इन्हें अलग किया था। डॉ. संजय ने जितेंद्र के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। कोतवाल विनोद गुसाई ने बताया कि आरोपित कर्मचारी जितेंद्र भाकुनी सीएमओ कार्यालय में वरिष्ठ सहायक के पद पर कार्यरत है। आरोपित को सीएमओ कार्यालय परिसर से गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *