महशूर फुटबॉलर माराडोना की चोरी हुई घड़ी असम से बरामद, आरोपी गिरफ्तार
गुवाहाटी, एजेंसी : मशहूर फुटबॉलर डिएगो माराडोना की घड़ी असम पुलिस ने दुबई के साथ एक साझा आपरेशन में बरामद की है। प्रदेश के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शनिवार को बताया कि मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया गया है। सीएम बिस्वा ने ट्वीट किया कि “अंतर्राष्ट्रीय सहयोग के अधिनियमों के तहत असम पुलिस ने दुबई पुलिस मुख्यालय के साथ संपर्क में रहते हुए पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ताकि महान फुटबालर स्वर्गीय डिएगो माराडोना से संबंधित उनकी हुबलोट घड़ी को फिर से हासिल किया जा सके। पूरे मामले में भारतीय संघ एलईए ने खास भूमिका निभाई है। पुलिस ने आरोपी वाजिद हुसैन को भी गिरफ्तार किया है।
असम के पुलिस महानिदेशक के अनुसार, माराडोना द्वारा हस्ताक्षरित लिमिटिड एडिशन की घड़ी आरोपी वाजिद हुसैन ने चुरा ली थी। आरोपी दुबई में काम करता था और अगस्त 2021 में भारत वापस आया था। तब से दुबई पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही थी। ट्वीट में उन्होंने बताया कि, दुबई पुलिस द्वारा केंद्रीय एजेंसी के माध्यम से सूचित किया गया था कि वाजिद हुसैन नाम के आरोपी ने एक सीमित संस्करण माराडोना द्वारा हस्ताक्षरित हुबलोट घड़ी चुरा ली थी। घटना के बाद आरोपी भाग कर असम आ गया था। शनिवार सुबह 4:00 बजे हमने वाजिद को सिबसागर में उसके घर से गिरफ्तार किया। साथ ही माराडोना द्वारा हस्ताक्षरित लिमिटिड एडिशन की घड़ी को भी आरोपी के पास से बरामद कर लिया गया है।
बता दें, हुबलोट घड़ी मशहूर फुटबाल खिलाड़ी डिएगो माराडोना की धरोहर है और दुबई में उनके अन्य सामानों के साथ एक तिजोरी में रखी हुई थी। अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबालर रहे डिएगो माराडोना का 25 नवंबर, 2020 को निधन हो गया था। देश में फुटबाल प्रेमियों के बीच माराडोना की काफी बड़ी फैन फालोइंग रही है।