मजियाखेत में गहराया पानी का संकट, प्रदर्शन कर एडीएम को सौंपा ज्ञापन

Spread the love

बागेश्वर। मजियाखेत में कई दिनों से पानी का संकट है। इस समस्या से जूझ रहे लोगों का सब्र का बांध टूट गया। उन्होंने मांग को लेकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। इसके बाद पालिका के नाम संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा। चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। मालूम हो कि मजियाखेत क्षेत्र दो साल पहले ग्रामीण क्षेत्र में था। तब गांव के लिए स्वैप योजना से पानी की योजना बनी थी। बाद में क्षेत्र नगर पालिका में शामिल हो गया और योजना गत वर्ष पालिका को हैंडओवर हुई। इसके बाद से क्षेत्र में पानी का लगातार संकट बना है। पानी की समस्या से जूझ रहे क्षेत्र के लोग सोमवार को सभासद नीमा दफौटी के नेतृत्व में एडीएम से मिले। उन्होंने पालिकाध्यक्ष के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। लोगों का कहना है कि जबसे योजना पालिका को सौंपी गई है तबसे पानी की समस्या बनी है। योजना की दूरी अधिक होने तथा योजना की सही से देखरेख नहीं होने से पानी का संकट बना है। कई बार पालिका को समस्या से अवगत करा दिया है, लेकिन समस्या आज भी जस की तस बनी है। इधर गर्मी ने अभी दस्तक तक नहीं दी है, संकट और गहराने लगा है। उन्होंने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर मदन सिंह टंगड़िया, मोहन सिंह नयाल, धरम सिंह कुंवर, हयात मेहता, प्रताप सिंह गड़िया, बंशीधर जोशी, किशोर जोशी, सुनीता टम्टा, तारा कांडपाल, जगदीश उपाध्याय आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *