समर्थ पोर्टल में खराबी, आंदोलन की चेतावनी

Spread the love

जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : डा. पीतांबर दत्त बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के छात्र संघ महासचिव शुभम सुयाल ने समर्थ पोर्टल में आ रही खराबी को ठीक करने की मांग की है। खराबी को दूर न करने की स्थिति में उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है।
इस संबध में महाविद्यालय प्राचार्य को सौंपे ज्ञापन में उन्होंने कहा है कि वर्तमान में सरकार द्वारा समर्थ पोर्टल के माध्यम से महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया आरंभ की गई है। छात्रों के परिचय पत्र भी आनलाइन डाउनलोड किए जा रहे हैं। लेकिन पिछले कुछ दिनों से पोर्टल संतोषजनक रूप से कार्य नहीं कर रहा है। छात्रों के परिचय पत्र डाउनलोड नहीं हो पा रहे हैं। परिचय पत्र नहीं होने के कारण छात्रों को पुस्तकालय से पुस्तकें उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। ज्ञापन में उन्होंने पोर्टल में आई खराबी को दो दिन के अंदर ठीक करने की मांग की है और ऐसा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन सौंपने वालों में मंदीप सिंह, अभिषेक अग्रवाल, आयुष, प्रियांशी रावत और डोना गुसांई सहित अन्य छात्र शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *