विकासनगर(। तहसील क्षेत्र अंतर्गत बास्तील निवासी एक व्यक्ति की पहाड़ी से गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने रात में सर्च अभियान चलाकर मृतक के शव को गहरी खाई से बाहर निकलकर पीएचसी त्यूणी पहुंचाया। पंचायतनामे के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। जानकारी के मुताबिक सोमवार रात लगभग नौ बजे बास्तील निवासी ओगर सिंह राणा पुत्र अजब सिंह राणा, निवासी गांव बास्तील तहसील त्यूणी से स्कूटी से अपने गांव बास्तील जा रहे थे। उनके साथ उनका साथी गणेश ओबरा भी था। दोनों सुखेड कांडा बैंड के आसपास स्कूटी रोककर शौच करने लगे। इसी दौरान ओगर सिंह का पैर फिसल गया और वह गहरी खाई में जा गिरे। उनके साथी गणेश ओबरा ने त्यूणी आकर परिजनों, रिश्तेदारों और पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सर्च अभियान चलाकर मृतक के शव को निकालकर पीएचसी त्यूणी पहुंचाया। जहां पंचायतनामा भर शव को परिजनों को सौंप दिया गया। थाना अध्यक्ष त्यूणी अश्वनी बलूनी ने बताया कि पुलिस ने रात में ही सर्च अभियान चलाकर शव को गहरी खाई से बाहर निकल दिया। सुबह शव परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने कहा कि खाई में गिरने की घटना की जांच की जा रही है।