मंदाकिनी और अलकनंदा नदी के संगम स्थल पर होगी भव्य आरती

रुद्रप्रयाग। मंदाकिनी और अलकनंदा नदी के संगम स्थल पर अब भव्य आरती का आयोजन होगा। जिलाधिकारी ने इसके लिए नगर पालिका को व्यवस्था करने के लिए निर्देशित किया है। साथ ही सिंचाई विभाग को संगम पर बन रही बाढ़ नियंत्रण दीवार का निर्माण तय समय पर पूरा करने को कहा।
डीएम मनुज गोयल ने संगम में निर्माण कार्यों के निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता सिचाई विभाग को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि जनहित की सुरक्षा को देखते हुए निर्माण कार्यों को जल्द पूरा किया जाए। कहा कि मंदिर में पूरे सीजन आमजन व यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है। रुद्रप्रयाग संगम में आरती को भव्य बनाने के लिए जरूरी व्यवस्था की जाए। कहा कि स्थानीय के साथ ही दूरदराज से आने वाले पर्यटक भी आरती में शामिल हो सकें, इसके लिए योजना बनाकर कार्य किया शुरू किया जाए। अलकनंदा एवं मंदाकिनी नदी के संगम स्थल पर मंदाकिनी नदी के बाएं तट पर स्थित पौराणिक रुद्रनाथ मंदिर एवं नारद शिला व अन्य अवस्थापनाओं की मंदाकिनी नदी से बाढ़ सुरक्षा योजना का कार्य किया जा रहा है। सिचाई विभाग की ओर से 55.26 लाख की लागत से बाढ़ नियंत्रण दीवार का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता सिचाई को निर्माण कार्यों में सुरक्षा व गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। कार्यों की जानकारी के संबंध में अधिशासी अभियंता सिचाई प्रताप सिंह बिष्ट ने बताया कि इस वर्ष 20 नवंबर से यह कार्य शुरू किया गया है। 31 मार्च 2021 तक कार्य पूरा किया जाना है। बाढ़ नियंत्रण दीवार 20 गुणा 390 मीटर की बनाई जाएगी। वर्तमान में विभाग की ओर से नदी को दूसरी ओर डाइवर्ट करने का कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *