बिग ब्रेकिंग

मलबे की चपेट में आने से खाई में गिरी मैक्स, चार घायल, एक लापता

Spread the love
Backup_of_Backup_of_add

शनिवार दोपहर कोटद्वार से सवारी लेकर पौड़ी जा रहा था मैक्स वाहन
राष्ट्रीय राजमार्ग पर आए मलबे को हटाकर लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी टीम
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : कोटद्वार-दुगड्डा के मध्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरसाती रपटे के समीप पहाड़ी से आए भारी मलबे की चपेट में आने से एक मैक्स वाहन खाई में गिर गया। दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए। जबकि, मैक्स सवार एक व्यक्ति लापता हो गया। प्रशासन, एसडीआरएफ व पुलिस की टीम जेसीबी व पोकलेंड मशीन से मलबा हटाकर लापता व्यक्ति की तलाश में जुटी रही। वहीं, हाईवे पर मलबे के कारण करीब तीन घंटें तक लंबा जाम लगा रहा।
घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। पौड़ी पैडुल गांव निवासी मुकेश गुसाईं कोटद्वार से सवारी लेकर पौड़ी के लिए रवाना हुआ। वाहन में मुकेश सहित नौ सवारियां थी। जैसे ही मैक्स वाहन कोटद्वार से करीब सात किलोमीटर दूर बरसाती रपटे के पास पहुंचा। अचानक एक बड़ा पत्थर गाड़ी के समीप गिरा। चालक मुकेश ने जैसे ही पहाड़ी से भारी मलबा आते हुए देखा तो उसने तुरंत सवारियों को मैक्स से निकलने के लिए कहा और खुद भी मैक्स को छोड़कर भागने लगा। इसी दौरान भारी मलबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिरा और मैक्स वाहन को अपने साथ खाई में बहाकर ले गया। घटना की जानकारी मिले ही तहसील प्रशासन, पुलिस व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और चालक मुकेश के साथ ही मुरादाबाद निवासी सकिल (55 वर्ष) पुत्र शौकीन, चंद्रवीर सिंह (53) वर्ष पुत्र ओमपाल सिंह व ग्राम गहड़ बुआखाल निवासी संजय नेगी (31) पुत्र सते सिंह को उपचार के लिए राजकीय बेस चिकित्सालय कोटद्वार पहुंचाया। जबकि, दुर्घटना में चार अन्य सवारियों को किसी भी प्रकार की चोट नहीं आई। घायल मैक्स सवार लोगों ने बताया कि वाहन में मुदाराबाद निवासी असलम (58 वर्ष) भी मौजूद था। मलबा गिरने से पहले वह भाग पाता उससे पहले ही वह मैक्स के साथ खाई में गिर गया।

उफान पर बनी रही नदियां
शनिवार को हुई बारिश के दौरान क्षेत्र की अधिकांश नदियां उफान पर बनी हुई थी। क्षेत्र के सभी नालों व गदेरों में भी अचानक पानी बढ़ गया। ऐसे में वर्षाकाल की पहली बारिश ने नदियों के आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ा दी है। जबकि, गत वर्षा काल में वर्षा के दौरान भारी तबाही मची थी। गाड़ीघाट क्षेत्र में खोह नदी अपने साथ कई आवास बहाकर ले गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!