मेयर ने घटिया निर्माण कार्य पर अधिकारियों को लगाई फटकार
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार। नगर निगम की महापौर श्रीमती हेमलता नेगी ने निगम के अधिकारियों को कर्मचारियों को समय से वेतन दिये जाने, सफाई कर्मियों की वेतन वृद्घि के लिए शासन स्तर पर पत्राचार करने, वार्डो में सफाई व्यवस्था को दुरस्थ करने के निर्देश दिये। महापौर ने नगर निगम क्षेत्र में बनाये गये कुछ कूड़ाघरों के घटिया निर्माण को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कहा कि नगर निगम में हो रहे घटिया निर्माण कार्यो को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। निर्माण कार्यो में पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाना सुचिश्ति किया जाय।
नगर निगम सभागार में अधिकारियों की बैठक लेते हुए महापौर श्रीमती हेमलता नेगी ने कहा कि नगर निगम के कर्मचारियों को समय से वेतन नहीं मिल रहा है, जिससे कर्मचारियों को दिक्कतों को सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने नगर आयुक्त को कर्मचारियों को समय से वेतन दिये जाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। मेयर ने सफाई कर्मचारियों की वेतन वृद्घि को लेकर भी शासन स्तर पर पत्राचार करने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्तमान में सफाई कर्मचारियों को बहुत कम वेतन दिया जा रहा है, जिससे सफाई कर्मचारियों को अपने परिवार का भरण पोषण करने में दिक्कतें हो रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी सफाई कर्मचारियों के वेतन वृद्घि को लेकर प्रस्ताव शासन को भेजे गये थे, लेकिन उन पर अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया गया है। महापौर ने वार्डो में नियमित सफाई व्यवस्था न कराये जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि वार्डो से सफाई को लेकर शिकायतें आ रही है, जो कि ठीक नहीं है। उन्होंने सफाई निरीक्षकों को निर्देशित करते हुए कहा कि सफाई निरीक्षक प्रत्येक दिन प्रत्येक वार्ड की सफाई की रिपोर्ट नगर निगम कार्यालय में उपलब्ध करवायेंगे, ताकि धरातल पर हो रहे कार्यों का पता लगाया जा सके। मेयर ने प्रत्येक वार्ड में काम के हिसाब से कार्मिकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिये। इस मौके पर नगर आयुक्त पीएल शाह, सहायक नगर आयुक्त अंकिता जोशी, सफाई निरीक्षक सुनील चौधरी, सोवेन्द्र चौधरी मौजूद थे।